यूपी: सरकार आने पर गन्ना किसानों का 24 घंटे में भुगतान करेगी सपा, सरकारी ठेकों में भी लागू होगा आरक्षण का नियम
Samajwadi Party Manifesto 2027: सपा के चुनावी घोषणा पत्र में किसानों को लेकर कई वादे देखने को मिले। सपा की सरकार आने पर सरकारी ठेकों में भी आरक्षण का नियम लागू होगा।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय, दलित-पीडीए कल्याण, महिला सशक्तिकरण और खेती-किसानी से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं। दस्तावेज के मुताबिक, पार्टी ने सत्ता में आने पर गांवों की तस्वीर बदलने, किसानों को कर्ज व बिजली की राहत देने और हाशिए पर खड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने का खाका रखा है।
50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलित-पीडीए को 50% हिस्सा
घोषणा पत्र में सामाजिक न्याय पर जोर देते हुए 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए समाज के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण तय करने की बात कही गई है। साथ ही दलित उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए दलित स्टार्ट-अप फंड बनाने और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद के गठन का वादा शामिल है। इसके अलावा अनुसूचित जनजाति के लिए अलग बोर्ड, अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए बोर्ड, संविधान के अनुसार आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने और सरकारी नौकरियों में बैकलॉग पद भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाने की बात कही गई है।
23 फसलों और दूध पर एमएसपी, 24 घंटे में गन्ना भुगतान
कृषि और ग्रामीण विकास के मोर्चे पर सपा ने सभी 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। एमएसपी से बाहर रहने वाली आलू, टमाटर, प्याज और अन्य अधिसूचित फसलों के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था बनाने की बात भी कही गई है। किसानों की कर्ज माफी तुरंत लागू करने, 15 हजार करोड़ रुपये के कॉर्पस फंड से 24 घंटे के भीतर गन्ना भुगतान सुनिश्चित करने और हर साल लागत के हिसाब से गन्ने का दाम बढ़ाने का वादा किया गया है। सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा भी इसमें शामिल है।
रूरल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 1.5 लाख करोड़, गांवों को इंटरनेट से जोड़ने का वादा
गांवों के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए रूरल इन्फ्रास्ट्रक्चर में 1.5 लाख करोड़ रुपये लगाने की बात कही गई है। घोषणा पत्र में राज्य में न्यू विलेज क्लस्टर बनाने का जिक्र है, जिससे गांवों को बुनियादी सुविधाओं और इंटरनेट से जोड़ा जा सकेगा। साथ ही 73वें संविधान संशोधन के तहत ग्राम, ब्लॉक और जिला पंचायतों को मजबूत करने तथा स्थानीय जरूरतों के हिसाब से अलग बजट देने की बात कही गई है।
समान अधिकार और बराबरी पर महिला विकास का जोर
महिला-केंद्रित विकास के हिस्से में स्त्री और पुरुष की समान क्षमता, स्वतंत्रता और अधिकारों पर जोर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि जैसे पुरुष अपने कार्यक्षेत्र में सर्वोच्च स्थान के हकदार हैं, वैसे ही महिलाएं भी समान रूप से उस स्थान की अधिकारी हैं, और सामाजिक कुरीतियों व असमानता को दूर किए बिना कोई भी आंदोलन पूरा नहीं हो सकता।
