यूपी: 16 नवंबर से प्रदेश में शुरू होगी स्वगणना की प्रक्रिया, एक दिसंबर से घर-घर जाएंगे जनगणना कर्मी
Census in UP: यूपी में 16 नवंबर से जनगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। स्वगणना के लिए भारत सरकार का पोर्टल https://se.census.gov.in उपलब्ध रहेगा।
विस्तार
यूपी में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) 16 नवंबर से शुरू होगी। इसके तहत लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और सदस्यों से जुड़ी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।
प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि स्वगणना के लिए भारत सरकार का पोर्टल https://se.census.gov.in उपलब्ध रहेगा। इस पर जाकर सबसे पहले उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। सत्यापन के बाद परिवार को अपनी पसंद की भाषा चुनकर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। स्वगणना करना अनिवार्य नहीं है। जो लोग ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर पहुंचकर गणनाकर्मी विवरण जुटाएंगे।
एसईआईडी को रखना होगा सुरक्षित
स्वगणना के तहत फॉर्म भरकर जब सबमिट किया जाएगा तो एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसको सुरक्षित रखना होगा। जब जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे तब उनको ये आईडी बतानी होगी। वह उसे सत्यापित करेंगे तब प्रक्रिया पूरी होगी। अगर फॉर्म नहीं भरा होगा तो जनगणना उसी वक्त फॉर्म भरवाकर प्रक्रिया पूरी कराएंगे। घर के मुखिया ही परिवार के सभी सदस्यों का ब्योरा भरेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग लॉगिन नहीं करना है।
ऐसे पूरी करें स्वगणना की प्रक्रिया
- राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश चुनें।
- परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करें।
- अपनी पसंद की भाषा चुनें।
- घर का पता और डिजिटल नक्शे पर लोकेशन दर्ज करें।
- परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब भरें।
- सभी जानकारियों की जांच करके फॉर्म सबमिट करें।
