फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: Political atmosphere heats up ahead of assembly elections, Akhilesh and Yogi launch sharp attacks; Rajbhar

यूपी: चुनाव के पहले गर्माया प्रदेश का राजनीतिक माहौल, अखिलेश-योगी ने किए तीखे हमले; राजभर ने की टिप्पणी

Tue, 22 Sep 2026 09:17 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Tue, 22 Sep 2026 09:17 PM IST
सार

UP elections: यूपी में चुनाव का माहौल बनना शुरू हो गया है। राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। उधर ओपी राजभर ने अखिलेश पर सीधा हमला किया है। 

विज्ञापन
UP: Political atmosphere heats up ahead of assembly elections, Akhilesh and Yogi launch sharp attacks; Rajbhar
यूपी में गर्माया चुनावी माहौल - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 3597 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि नियुक्ति पाने वाले इन नवचयनितों से अगर किसी प्रबंधक ने ज्वाइनिंग के लिए पैसा मांगा, लेनदेन का प्रयास किया तो उन्हें जेल में सड़ना पड़ेगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए सभी को स्पष्ट निर्देश चले जाने चाहिए।

विज्ञापन


सीएम ने कहा कि अगर किसी प्रबंधक को कोई जिज्ञासा है तो वे इसके लिए शासन में संपर्क करें। किंतु किसी भी शिक्षक को ज्वाइनिंग में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अब कोई सैफई सिंडिकेट प्रतिभावान छात्रों के हितों पर डकैती डालने का दुस्साहस नहीं कर सकता। इसीलिए उत्तर प्रदेश पुलिस में अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को आयोग और बोर्डों की दशा सुधारने का दायित्व दिया गया है।
विज्ञापन


सीएम ने कहा कि आज का कार्यक्रम केवल नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा से जुड़े चारों स्तंभ, सहायक अध्यापक, प्रवक्ता, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य को एक साथ जोड़ने वाला विशेष अवसर है। यहां 3567 लोगों का चयन कर उनके हाथों में पीएम नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर व विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने हाल में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले एक नौजवान के इंटरव्यू का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस युवक ने बताया कि 2015-16 में भी उसने इस पद के लिए आवेदन किया था। उससे आठ लाख रुपये मांगे गए थे। वह खेत बेचकर पैसा लाया, लेकिन तब तक उससे अधिक पैसा देकर दूसरा व्यक्ति आ गया। वह नौकरी से वंचित रह गया। आज उसका सपना साकार हुआ है और जिस पद के लिए उसने आवेदन किया था, उसी पद पर उसे नियुक्ति मिल गई है। पूर्व की पूरी प्रक्रिया निरस्त की गई और उस युवा को नियुक्ति पत्र मिला।

चाचा शिवपाल सिखा देंगे गिनती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सपा मुखिया पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आज 3567 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में वह 5297 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर चुके हैं। पिछले नौ वर्ष में 9.5 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। हमने सैफई सिंडिकेट से कहा है कि हम नियुक्ति पत्र देते जाएंगे, वे गिनते जाएं।

सीएम ने तंज कसा कि यदि गिनती नहीं आती हो तो चाचा शिवपाल के सानिध्य में बैठ जाएं, वे बहुत अच्छी गिनती सिखा देंगे। वे काफी पढ़े-लिखे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शिक्षक को सदैव शिक्षक की भूमिका में रहना चाहिए। समाज को बांटने वाले बहुत लोग होंगे। ऐसे लोगों से छात्रों को सावधान कराना भी शिक्षा का दायित्व होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छात्रों को पाठ्यक्रम के अलावा महापुरुषों की जीवनी के बारे में भी बताया जाए। देश और दुनिया में प्रतिदिन घटित होने वाली घटनाओं की जानकारी से अपडेट किया जाए। यह उनके जनरल नॉलेज के लिए भी उपयोगी होगा। सीएम ने सपा शासनकाल में नकलमाफियाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को नकलमाफियाओं की कमर तोड़ने के लिए भेजा गया है। ताकि सैफई सिंडीकेट किसी युवा के हक पर डकैती न डाल सके।

पहले मास्टर बंदूक लेकर पढ़ाने जाते थे: ब्रजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज को दिशा देने की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। भारत में गुरु-शिष्य परंपरा का गौरवशाली इतिहास रहा है और शिक्षकों ने हमेशा ज्ञान के साथ जीवन-मूल्यों की शिक्षा देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था कि मास्टर बंदूक लेकर पढ़ाने जाते थे। नाव न लेब। प्रशांत जी तो डीजीपी रहे हैं, सब जानत हैं। मास्टर का बंदूक से का काम है। शिक्षक का मैनेजर से झंझट था, वो कहते थे कि आज निपटा देब। कई जगह हत्या हुई है। पहले ऐसा माहौल था। अब माहौल बदला है। इसी तरह प्रदेश में 1700 डाक्टर बिना आए पैसा ले रहे थे। हमने सबकी छुट्टी कर दी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग आज जाति, तुष्टीकरण के नाम पर वोट मांग रहे हैं। पहले इंडी, इस बार पीडीए के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वहीं प्रदेश की जेल में जश्न मन रहा है कि भैया आएंगे तो वो (माफिया) छूटेंगे। शिक्षक समाज को दिशा दिखाए। उन्होंने कहा कि पहले लाइट दिन में एक हफ्ता और रात में एक हफ्ता आती थी। स्कूलों का क्या हाल था ?

नकारात्मक सोच वालों ने कभी संविधान नहीं माना : अखिलेश

UP: Political atmosphere heats up ahead of assembly elections, Akhilesh and Yogi launch sharp attacks; Rajbhar
अखिलेश यादव। - फोटो : अमर उजाला

 सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान बदलने या पूरी तरह से खत्म करने की साजिश करनेवाले कह रहे हैं कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान लिखा ही नहीं। इनका बस चले तो यह ये भी कह सकते हैं कि संविधान है ही नहीं। उन्होंने कहा कि नकारात्मक सोच के लोगों ने संविधान को कभी माना ही नहीं क्योंकि ये संविधान ही गैरबराबरी को दूर करने के लिए समता-समानता की बात करता है।

अखिलेश ने एक बयान जारी कर कहा कि आज संविधान ‘पीडीए समाज’ की ढाल भी है और रक्षा कवच भी। संविधान से मिला हुआ ‘आरक्षण’ आज इन परंपरागत शक्तिशाली लोगों को फूटी आंख नहीं सुहाता है। अखिलेश के कहा कि संविधान को चुनौती देनेवाले सुन लें कि देश संविधान से चलेगा, किसी संघ-विधान या मन-विधान से नहीं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सपा प्रमुख ने कहा कि अयोध्या के ‘राम मंदिर’ में चढ़ावा चोरी की पहली जांच में ही आंकड़ा 105 हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपाई और उनके संगी-साथियों की संलिप्तता पूरे अयोध्या में चर्चा का विषय है, ये घोर अधर्म अब जगजाहिर हो चुका है। अखिलेश ने कहा कि सनातनियों को इस बात से गहरा आघात पहुंचा है कि उन्होंने जो दान-पुण्य का पैसा धर्म के विकास के लिए दिया था, उस धन को भाजपाइयों ने चुराकर अपना-अपना खजाना भर लिया है।उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ अगला चुनाव धर्म को बचाने की किसी जंग से कम नहीं होगा।

उत्तराखंड की रजत जयंती पर अखिलेश ने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर राज्य स्थापना की अवधारणा थी कि पलायन रुकेगा, रोजगार मिलेगा और जल, जंगल, जमीन की बात होगी। वह कुछ भी नहीं हुआ। न तो उत्तराखण्ड में रोजगार मिला और न पलायन रूका। मानव और वन्य जीव संघर्ष के कारण सैकड़ों लोगों की जान गईं। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर राज्य सबसे निचले पायदान पर है।

चुनाव से पहले सपा में मंत्री पद बंटने लगे, राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज

UP: Political atmosphere heats up ahead of assembly elections, Akhilesh and Yogi launch sharp attacks; Rajbhar
मंत्री ओपी राजभर - फोटो : Amar Ujala

 सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सपा के राष्ट्रीय महासचिव और विधायक इंद्रजीत सरोज के बयान को लेकर तंज कसा।

राजभर ने कहा कि चुनाव अभी हुआ नहीं है और जनता का फैसला भी आना बाकी है, लेकिन सपा में अभी से मंत्री पद और विभागों के बंटवारे के सपने देखे जाने लगे हैं। उन्होंने इंद्रजीत सरोज के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2027 में सपा की सरकार बनी तो उन्हें मंत्री बनने से कोई नहीं रोक पाएगा।

सरोज के कार्यकर्ताओं को जेसीबी और डंपर लगाकर बालू-मिट्टी खोदने की छूट देने संबंधी कथित बयान पर भी राजभर ने अखिलेश को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि जनता के फैसले से पहले ही मंत्री पद और बालू-मिट्टी का हिसाब-किताब शुरू हो गया है क्या।

राजभर ने अखिलेश से पूछा कि 2027 के लिए किस-किस नेता को कौन सा विभाग सपने में बांट रखा है। उन्होंने शिवपाल यादव का जिक्र करते हुए भी तंज कसा कि चच्चू अपने विभाग का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें बता दिया जाए कि पीडब्ल्यूडी मिलेगा या सिंचाई विभाग।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed