सवा दो घंटे ठप रही पुलिस की इमरजेंसी सेवा यूपी 100, हजारों लोग हुए परेशान
एक अधिकारी की मानें तो रविवार को पीक आवर में 10 से 12 हजार कालें आती हैं। यह पीक ऑवर्स शाम पांच बजे से रात 10 बजे के बीच रहता है। ठीक इसी बीच यूपी 100 सेवा ठप हो गई। सूत्रों का कहना है कि स्थानीय इंजीनियरों ने सेवा बहाल करने की कोशिश शुरू की। आधे घंटे की मशक्कत के बाद भी जब सेवा बहाल नहीं हो पाई तो यूपी 100 की ओर से शाम 5.35 बजे ट्विटर पर बताया गया कि तकनीकी कारणों से सेवा बाधित है।
पुलिस सहायता के लिए 1073 पर डायल करें। अचानक जब जिले की 1073 सेवा जो यातायात सेवाओं के लिए है, पर लोड बढ़ा तो वह भी ठप हो गई। सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम सवा सात बजे सेवा को बहाल किया जा सका। उधर, सूत्रों ने बताया कि रविवार होने की वजह से यूपी 100 के अधिकतर अधिकारी छुट्टी मना रहे थे। इसलिए 24 घंटे की सेवा के ठप होने के बावजूद कोई बड़ा जिम्मेदार अफसर यूपी 100 के कंट्रोल रूम नहीं पहुंचा।
यूपी 100 की पांच हजार वाहनों से टूट गया संपर्क
यूपी 100 से 3200 चार पहिया और 1800 दो पहिया वाहनें जुड़ी हुई हैं। सेवा ठप होने के बाद इन वाहनों में लगी डिवाइस से यूपी 100 का नेटवर्क गायब हो गया। देर शाम जब सेवा बहाल हुई तो सभी डिवाइस को रिसेट कराया गया, तब जाकर उस पर नेटवर्क आया।
मौजूदा समय में नहीं है बैकअप की व्यवस्था
यूपी 100 के बैकअप के लिए नोएडा और इलाहाबाद में नई बिल्डिंग प्रस्तावित है, लेकिन मौजूदा सरकार की सहमति न मिलने की वजह से यह काम अभी रुका हुआ है। बता दें, पहले 100 नंबर हर जिले में अलग-अलग काम करता था, लेकिन अखिलेश सरकार ने इसे तकनीकी रूप से मजबूत बनाते हुए सेंट्रलाइज कर दिया था। साथ ही, किसी आपात सेवा के लिए इलाहाबाद व नोएडा में एक-एक सब सेंटर बनाने की योजना थी। मगर, प्रदेश में सरकार बदलने के बाद यह योजना अधर में लटक गई।