40 विदेशी बंदूकें लेकर कहां घूम रहा था ये शख्स?
यूपी पुलिस ने इस बार अपनी बहादुरी दिखाते हुए राजधानी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। ये स्मगलर देश में कितना आतंक फैला सकता था ये इसके पास मौजूद हथियारों को देखकर लगाया जा सकता है।
तारिक खां को लखनऊ की स्पेशल स्कवायड क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल की टीम ने चेकिंग अभियान के तहत हजरतगंज की जापलिंग रोड़ से दबोचा। इस तस्कर के पास से पुलिस को बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस, तलवार खुखरी, तीन विदेशी बुलेटप्रुफ जैकेट, 15 लाख रुपए की एक विदेशी बाइक बरामद हुई।
इस बदमाश के पास करीब चालीस विदेशी बंदूकें भी मिली हैं।ये हथियार अमेरिका, टर्की और जर्मन जैसे देशों में बने होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा पुलिस को उसके पास से तीन बुलेटप्रूफ जैकेट और कई जानवरों की खाल भी मिली है। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी। इस पूरे ऑपरेशन की कमान लखनऊ ने नए एसएसपी यशस्वी यादव के हाथ में थी।
काफी समय से थी तलाश
पुलिस के खुफिया विभाग और अन्य सहयोगियों को बीती मंगलवार रात स्मगलर तारिक के बारे में जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करते हुए इस स्मगलर को गिरफ्तार किया।
एसएसपी यशस्वी यादव ने बताया कि बरामद सभी हथियार बेहद ही अत्याधुनिक है। हथियारों में गैस प्रोपेल्ड राइफल, असाल्ट गन, एके 47 की राइफल के अलावा भी कई हथियार और बुलेटप्रूफ जैकेट भी मिले हैं। खास बात यह है कि यह बुलेटप्रूफ जैकेट भारत में काफी कम इस्तेमाल होती है।
एसएसपी यादव ने बताया कि तारिक सिर्फ हथियारों का ही तस्कर नहीं है बल्कि वह पशुओं के खाल की भी तस्करी करता है। तारिक के पास से पशुओं के खाल, सींग और अन्य तरह के अंग मिले हैं, जिन्हें लैब भेजा जा रहा है। इसके अलावा उसके पास से दो विदेशी बाइक भी मिली हैं।