Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: November 26 will be a mega event, SP will release its election manifesto, Owaisi and Chandrashekhar will s

यूपी: मेगा इवेंट के नाम रहेगा 26 नवंबर, सपा जारी करेगी चुनावी घोषणा पत्र, औवैसी-चंद्रशेखर दिखाएंगे ताकत

Wed, 25 Nov 2026 09:42 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Wed, 25 Nov 2026 09:42 PM IST
सार

SP manifesto: लखनऊ में 26 नवंबर का दिन मेगा इवेंट के नाम होगा। सपा के द्वारा चुनावी घोषणा पत्र राजनीतिक की दुनिया में चर्चा का विषय बनेगा। दूसरी ओर ओवैसी-चंद्रशेखर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएंगे। 

विज्ञापन
UP: November 26 will be a mega event, SP will release its election manifesto, Owaisi and Chandrashekhar will s
चुनावी इवेंट के नाम होगा 26 नवंबर। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

यूपी की राजधानी लखनऊ गुरुवार को चार मेगा इवेंट की साक्षी बनेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम से तैयार इस प्रण-पत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने समेत दो दर्जन से अधिक प्रमुख वादे शामिल होंगे।

विज्ञापन


दूसरी ओर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद व एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी बृहस्पतिवार को लखनऊ में महारैली करेंगे। इस रैली में सात से दस लाख लोगों के उमड़ने का दावा किया जा रहा है। 
विज्ञापन


संविधान दिवस पर 26 नवंबर को कांग्रेस की ओर से राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। हालांकि मार्च की अनुमति प्रशासन की ओर से नहीं मिली है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उधर भाजपा बृहस्पतिवार को संविधान गौरव दिवस मनाएगी। राजधानी के भागीदारी भवन में आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य वक्ता होंगे।

Trending Videos

सपा का घोषणा पत्र कल, हर साल 40 हजार देने के साथ हो सकते हैं ये बड़े चुनावी वादे

उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी समाजवादी पार्टी (सपा) अपने चुनावी घोषणापत्र के जरिये पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को और मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम से तैयार इस प्रण-पत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने समेत दो दर्जन से अधिक प्रमुख वादे शामिल होंगे।

सपा ने अपने चुनावी अभियान को ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रण-पत्र’ नाम दिया है। इसकी थीम ‘हर हाथ को काम, हर किसान को दाम, महिलाओं को सम्मान और कानून का मान’ रखी गई है। पार्टी राज्यस्तरीय घोषणापत्र के साथ प्रत्येक जिले के लिए अलग मैनिफेस्टो भी तैयार कर रही है। इसमें स्थानीय जरूरतों, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता दी जाएगी।

हर साल 40 हजार देने का होगा बड़ा वादा?

UP: November 26 will be a mega event, SP will release its election manifesto, Owaisi and Chandrashekhar will s
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव। - फोटो : amar ujala

अखिलेश यादव पिछले कुछ महीनों में कई बड़े चुनावी वादे कर चुके हैं। इनमें महिलाओं के लिए ‘स्त्री समृद्धि सम्मान योजना’ के तहत सालाना 40 हजार रुपये देने का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके अलावा गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान, उनके लिए रिवॉल्विंग फंड बनाने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर नियमित नौकरी देने और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने का वादा भी शामिल है।

पार्टी महिलाओं के सम्मान और उत्थान से जुड़े मुद्दों के साथ पीडीए वर्ग को साधने के लिए अन्य घोषणाओं पर भी जोर दे रही है। रिवर फ्रंट पर प्रतिमाएं स्थापित करने का मुद्दा भी चर्चा में रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी नीति और सोच भी सपा जनता के सामने रखेगी।

बिहार चुनाव में एनडीए के प्रयोगों से सबक लेते हुए सपा महिलाओं पर विशेष फोकस कर रही है। आर्थिक सुरक्षा, रोजगार और सामाजिक सम्मान को केंद्र में रखकर पार्टी भाजपा की लाभार्थीपरक राजनीति के मुकाबले अपना कल्याणकारी मॉडल पेश करना चाहती है। युवाओं, किसानों और कर्मचारियों के साथ महिलाओं को जोड़कर सपा 2027 की चुनावी लड़ाई में अपने लिए सत्ता की राह मजबूत करना चाहती है।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का शक्ति प्रदर्शन आज, चंद्रशेखर-ओवैसी की महारैली

UP: November 26 will be a mega event, SP will release its election manifesto, Owaisi and Chandrashekhar will s
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद - फोटो : PTI

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित-मुस्लिम मतदाताओं को जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद व एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी बृहस्पतिवार को लखनऊ में महारैली करेंगे। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के बाद यह पहली बड़ी रैली है, जिससे दोनों नेता नया सामाजिक समीकरण साधने का संदेश देंगे।

दोनों दलों ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है और चंद्रशेखर को सीएम चेहरा बताया है। मोर्चे की नजर करीब 21 फीसदी दलित व 19 फीसदी मुस्लिम मतदाताओं पर है। जिससे सपा-कांग्रेस के लिए निर्णायक सीटों पर चुनौती बढ़ सकती है। रैली में सामाजिक न्याय, संविधान, आरक्षण व प्रतिनिधित्व के मुद्दे उठ सकते हैं, जबकि यह विपक्षी एकजुटता या नए सियासी ध्रुव की दिशा भी तय करेगी।

अनुमति न मिलने पर भी संविधान रक्षा मार्च निकालने पर अड़ी कांग्रेस

UP: November 26 will be a mega event, SP will release its election manifesto, Owaisi and Chandrashekhar will s
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सीएम योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala

संविधान दिवस पर 26 नवंबर, बृहस्पतिवार को कांग्रेस की ओर से राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। हालांकि, जिला प्रशासन ने मार्च की अनुमति नहीं दी है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी मार्च निकालने पर अड़ी है।

पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि पार्टी ने पहले ही संविधान रक्षा मार्च की घोषणा कर दी थी। यह यात्रा सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शुरू होगी और एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर समाप्त होगी।

पुनिया ने कहा, हमने शांतिपूर्ण मार्च निकालने के लिए लिखित आवेदन दिया था, फिर भी अनुमति नहीं मिली। प्रशासन ने इसे संवेदनशील क्षेत्र बताकर मार्च की अनुमति देने से इनकार किया है। यह यात्रा संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से निकाली जाएगी, जिसमें प्रदेश भर से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इससे पहले पार्टी कार्यालय में संविधान की प्रस्तावना की शपथ ली जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष कहीं भी जा सकते हैं, किंतु हमें मार्च की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुनिया का आरोप है कि एसआईआर के जरिये लोगों के वोट का अधिकार छीनने का काम किया जा रहा है, जबकि वोट का अधिकार संविधान से मिला है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कार्यक्रम चल रहे हैं और आगे भी जारी रहेंगे।

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने मार्च के लिए अनुमति न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भाजपा मनाएगी संविधान गौरव दिवस, छात्रों से संवाद करेंगे सांसद

भाजपा बृहस्पतिवार को संविधान गौरव दिवस मनाएगी। राजधानी के भागीदारी भवन में आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य वक्ता होंगे। सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को नमन किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री व अभियान प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा 2015 से यह दिवस मना रही है। इसके तहत संविधान प्रदर्शनी, झांकियां, जिला स्तर पर पुष्पार्चन व प्रस्तावना का सामूहिक पाठन होगा। साथ ही, पार्टी सांसद 26 से 29 नवंबर तक उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रों से डॉ. आंबेडकर के विचारों व राष्ट्रनिर्माण में योगदान पर संवाद करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed