यूपी: संगीत की पढ़ाई अब आधी फीस में, भातखंडे संस्कृति विवि की बैठक में फैसला, नए सत्र से लागू होगी सुविधा
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय ने हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय की शैक्षणिक फीस आधी करने को मंजूरी दी है। नई सुविधा अगले सत्र से लागू होगी। परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं अब तीन साल तक सुरक्षित रहेंगी। कला मंडपम का सुधार होगा और वसंत पंचमी से तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को फीस में बड़ी राहत दी है। सोमवार को कुलपति प्रो. मांडवी सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यपरिषद की बैठक में आजमगढ़ के हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय की शैक्षणिक फीस आधी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। वर्तमान सत्र में यहां करीब 70 विद्यार्थी संगीत की शिक्षा ले रहे हैं। नए सत्र में फीस कम होने से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
कार्य परिषद ने परीक्षा व्यवस्था से जुड़ा अहम फैसला भी लिया है। अब परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं तीन साल तक सुरक्षित रखी जाएंगी। विवि प्रशासन के अनुसार, अन्य विश्वविद्यालयों से प्रेरणा लेते हुए यह निर्णय लिया गया है। अब तक परीक्षा परिणाम आने के बाद उत्तरपुस्तिकाएं छह माह से एक साल तक ही सुरक्षित रखी जाती रही हैं।
विवि के प्रमुख सांस्कृतिक मंच कला मंडपम प्रेक्षागृह को बेहतर बनाया जाएगा। यहां जरूरी सुधार और सुदृढ़ीकरण के काम किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों और कलाकारों को बेहतर मंच मिलने के साथ दर्शकों की सुविधाएं भी बढ़ेंगी। बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने में भी आसानी होगी।
18 से 40 साल के लोग कर सकेंगे आवेदन
विश्वविद्यालय की संगीत गतिविधियों के लिए संगतकर्ता रखे जाएंगे। इसके लिए 18 से 40 वर्ष के पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे जाएंगे। चयन तय नियमों के अनुसार होगा। खाली पदों के लिए मिले आवेदनों की जल्द जांच करने और विभिन्न विषयों में अस्थायी विषय विशेषज्ञ रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
विश्वविद्यालय में लोकपाल की नियुक्ति और वित्तीय परिषद के गठन का रास्ता भी साफ हुआ।बैठक में पहले दी गई अनुकंपा नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई। बैठक में पद्मश्री मालिनी अवस्थी, प्रो. उमा गर्ग, प्रो. मंजुला चतुर्वेदी, कृष्ण कुमार पांडेय, प्रो. अश्वनी कुमार मिश्र, कुलसचिव एसपी सिंह, मनीष कुमार कुशवाहा, प्रो. सृष्टि माथुर और ज्ञानेंद्र दत्त बाजपेयी मौजूद रहे।
वसंत पंचमी से तीन दिन का होगा भातखंडे महोत्सव
पं. विष्णु नारायण भातखंडे की जयंती इस बार बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी है। कार्य परिषद ने आगामी समारोह को वसंत पंचमी से तीन दिवसीय भातखंडे महोत्सव के रूप में आयोजित करने को मंजूरी दी। इसमें संगीत और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक मंच मिलेगा।