यूपी: सर्वोदय विद्यालयों के मेधावी छात्रों को मिलेगी मुफ्त जेईई-नीट कोचिंग, आवास और भोजन भी निशुल्क
उत्तर प्रदेश के सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को दक्षणा फाउंडेशन की चयन परीक्षा के माध्यम से एक वर्ष तक निशुल्क जेईई या नीट कोचिंग मिलेगी। चयनित विद्यार्थियों के आवास और भोजन का खर्च भी नहीं लगेगा। पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित शैक्षिक अंकों और पारिवारिक आय के आधार पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग का अवसर मिलेगा।
दक्षणा फाउंडेशन की संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (जेडीएसटी-2027) के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को एक वर्ष तक जेईई या नीट की तैयारी कराई जाएगी। इसके साथ ही आवास और भोजन की सुविधा भी निशुल्क मिलेगी। यह सुविधा पुणे के निकट स्थित दक्षणा वैली परिसर में उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर देना है।
कक्षा 10 के अंकों से तय होगी पात्रता
शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में पढ़ रहे और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इंजीनियरिंग वर्ग में सामान्य श्रेणी के छात्रों के लिए कक्षा 10 में गणित और विज्ञान विषयों का निर्धारित कटऑफ 85 प्रतिशत, जबकि छात्राओं के लिए 80 प्रतिशत है। अन्य आरक्षित श्रेणियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित किए गए हैं।
मेडिकल वर्ग में सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए कटऑफ 80 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 75 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 65 प्रतिशत निर्धारित है।
परिवार की आय भी पात्रता की शर्त
योजना के लिए छात्रों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम और छात्राओं के परिवार की वार्षिक आय पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए। विद्यार्थियों को आवेदन से पहले अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित पात्रता शर्तों की जांच करनी होगी।
समाज कल्याण विभाग ने सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे कक्षा 12 विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को योजना की जानकारी दें और पात्र छात्र-छात्राओं को आवेदन के लिए प्रेरित करें।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
जेडीएसटी-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू है। पात्र विद्यार्थी दक्षणा फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन लिंक: https://apply.scholarship.dakshana.org