यूपी: लखनऊ देश के तीसरे सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में, वाराणसी नदी तटीय नगरों में अव्वल; पढ़िए जिलों की लिस्ट
स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता 2025-26 में लखनऊ ने देशभर में लगातार दूसरी बार तीसरा स्थान हासिल किया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौर सुषमा खर्कवाल को पुरस्कार दिया। विशाखापत्तनम पहले और जबलपुर दूसरे स्थान पर रहे। पिछले साल लखनऊ 44वें स्थान से तीसरे पायदान पर पहुंचा था।
विस्तार
स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर उत्तर प्रदेश के शहरों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ देश के शीर्ष तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में शामिल हुआ है, जबकि वाराणसी ने नदी तटीय नगरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर बनकर उभरा है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के शहरों की इस उपलब्धि को नगरीय प्रबंधन में आए बदलाव और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के नगर स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
लखनऊ का देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में जगह बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है। वहीं, धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने नदी तटीय शहरों की श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। गाजियाबाद ने प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
यह सम्मान केवल शहरों का नहीं, बल्कि लाखों सफाई मित्रों, नगरीय निकायों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के परिश्रम का परिणाम है। स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के प्रयासों का ही नतीजा है कि प्रदेश के शहर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
सरकार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों और आधुनिक नगरीय सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दे रही है। इस अवसर पर राजधानी की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा और नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.