यूपी: लखनऊ को मिलने जा रहा एक और बड़ा स्टेशन, इन रूट की गाड़ियों को यहां से चलाने की तैयारी; इन्हें होगा लाभ
Lucknow New Railway Station: लखनऊ के रेलवे यात्रियों को ट्रांसपोर्टनगर के रूप में राजधानी को जल्द नए रेलवे स्टेशन की सौगात मिलेगी। यहां से अभी मालगाड़ियों का संचालन होता है।
विस्तार
ट्रांसपोर्टनगर के रूप में राजधानी को जल्द नए रेलवे स्टेशन की सौगात मिलेगी। यहां से अभी मालगाड़ियों का संचालन होता है। रेलवे प्रशासन अब इसे यात्री स्टेशन बनाने जा रहा है। इसके लिए उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रस्ताव भेज चुका है। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) की अनुमति के बाद यहां से यात्री ट्रेनों को शुरू किया जा सकेगा। इस स्टेशन से अभी सामान की लोडिंग-अनलोडिंग हो रही है। जल्द ही यहां मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट ट्रेनें दौड़ती नजर आएंगी।
चारबाग व लखनऊ जंक्शन से यात्रियों और ट्रेनों का भार कम करने की योजना है। इसके तहत जंक्शन की ट्रेनों को ऐशबाग व गोमतीनगर स्टेशन पर शिफ्ट भी किया गया है। चारबाग स्टेशन को अपग्रेड करने के साथ आसपास के स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना में विकसित किया जा रहा है।
उतरेटिया से ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन के बीच डबल लाइन भी बनाई गई है। अब इसी क्रम में रेलवे ट्रांसपोर्टनगर से यात्री ट्रेनें चलाने जा रहा है। यह लखनऊ का 19वां स्टेशन बन जाएगा। यह स्टेशन शुरू होने से करीब पांच लाख की आबादी को राहत मिलेगी। इन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए चारबाग स्टेशन की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
इन रूटों की चलेंगी ट्रेनें
ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन से अभी हरदोई, मुरादाबाद, दिल्ली, शाहजहांपुर से आने-जाने वाली ट्रेनें पास होती हैं। अब इनका इस स्टेशन पर ठहराव हो सकेगा। पैसेंजर के अलावा मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, वंदे भारत, अमृत भारत आदि ट्रेनें भी यहां से चलेंगी।
शहर से बेहतर है कनेक्टिविटी
यात्री मेट्रो के जरिये आसानी से ट्रांसपोर्टनगर रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं। इसके अतिरिक्त आलमनगर बस अड्डे, एयरपोर्ट व तैयार हो रहे मल्टीस्टोरी अमौसी बस अड्डे से भी इसका जुड़ाव रहेगा। आगरा एक्सप्रेसवे, कानपुर एक्सप्रेसवे, शहीद पथ पर भी आवाजाही आसान होगी।
विकसित की जाएंगी यात्री सुविधाएं
ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन से अभी कारों की लोडिंग-अनलोडिंग होती है। यह स्टेशन मालगाड़ियों के लिहाज से बना हुआ है। यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने से पहले ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, वाटर वेंडिंग मशीन, एसी लाउंज, टिकटिंग सुविधाएं, सेफ्टी और यात्रियों के बैठने आदि के इंतजाम किए जाएंगे।
अभी इतने रेलवे स्टेशन हैं लखनऊ में
यात्रियों के लिए बढ़ने जा रही सुविधा
ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन से यात्रियों के लिए ट्रेनों की सुविधा शुरू करने की योजना है। इसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी सीआरएस की अनुमति का इंतजार है।- समर्थ गुप्ता, सीनियर डीसीएम, उत्तर रेलवे