अब यूपी के गवर्नर ने दिया विवादित बयान!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘ये बिजली चोर बड़े बदमाश हैं। पिछली बार मैंने कहा था कि इन्हें पकड़कर चौराहे पर फांसी दे दो। इस पर किसी ने मुझे फोन किया और कहने लगा कि आपकी बात सुनने में अच्छी है लेकिन हम तो चाहते हैं कि हत्या जैसे अपराध में भी फांसी न हो और आप बिजली चोरों को फांसी देने की बात कहते हैं! ...तो मैं अब इतना ही कहूंगा कि बिजली चोरों को फांसी मत दो, लेकिन चौराहे पर खड़ा करके उन्हें लाठियों और जूतों से तो मारो।’
राज्यपाल राम नाईक ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन के कन्वेंशन 2014 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि बिजली चोरों पर सख्ती होगी, तभी तो गरीबों को बिजली मिल पाएगी।
समारोह में राज्यपाल कभी सीधे तो कभी परोक्ष रूप से प्रदेश सरकार पर निशाना साधते दिखे। उन्होंने कहा कि राज्य विद्युत नियामक आयोग के भवन के शिलान्यास में ही चार साल लग गए। अभी भवन बनाने में अगर दो साल और लगेंगे। सोचिए कितना नुकसान होगा।
अब आएंगे बिजली के अच्छे दिन
केंद्रीय बिजली मंत्री पीयूष गोयल और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दो दिन पहले हुई मुलाकात पर नाईक ने कहा कि अखबार में दोनों की मुस्कुराती फोटो देखकर लगता है गाड़ी अब फर्स्ट गियर में आ गई है। जल्द ही उसे सेकंड गियर लगाकर स्पीड पकड़नी चाहिए। माना जा सकता है अब बिजली के अच्छे दिन आएंगे।
राज्यपाल ने कहा, मैंने आज का ‘अमर उजाला’ देखा। यूपी के ऊर्जा मंत्री ने भी कहा है कि केंद्र से उन्हें कोई शिकायत नहीं है। दरअसल कई समस्याएं संवादहीनता की वजह से पैदा होती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आलोक रंजन, केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग अध्यक्ष गिरीश प्रधान, भेल के सीएमडी बीपी राव, एसोसिएशन ऑफ पावर प्रोड्यूसर्स के डीजी अशोक खुराना भी उपस्थित थे।
दादरी तक पहुंची गैस, नहीं मिला फायदा... किसकी फेल्यर?
नाईक ने बताया कि जब वे पेट्रोलियम मंत्री थे, उसी दौरान कृष्णा-गोदावरी बेसिन में समुद्र में 100 किमी आगे और चार किमी गहराई में गैस के भंडार मिले।
रिलायंस पाइपलाइन डालकर उसे यूपी के दादरी तक ले आया, लेकिन समन्वय के अभाव में यहां गैस से बिजली का उत्पादन नहीं हो पाया। यह किसकी फेल्यर है? इस पर भी बात होनी चाहिए।
ट्रांसमिशन लॉस रोकने में गंभीरता दिखाए प्रदेश सरकार
राज्यपाल ने कहा कि देश में पर्याप्त बिजली का उत्पादन हो रहा है, लेकिन ट्रांसमिशन लॉस की वजह से समस्या बनी हुई है।
देश में बिहार के बाद यूपी में सबसे ज्यादा ट्रांसमिशन लॉस हो रहा है। प्रदेश सरकार को इसे रोकने को पूरी गंभीरता से लेना चाहिए।