यूपी दिवस : हुनर को मिलेगा सम्मान और संसाधन, 1000 महिलाओं को मिलेगा सोलर चरखा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योगी सरकार 24 जनवरी को चौथी बार यूपी दिवस का आयोजन करने जा रही है। इसमें अन्य कार्यक्रमों के साथ हुनरमंदों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने हाथों से सम्मानित करेंगे। साथ ही उनकी उत्पादन क्षमता और उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए संसाधन भी उपलब्ध कराएंगे। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए शुरू मिशन शक्ति के मद्देनजर उनका खास ख्याल रखा गया है।
समारोह में खादी के 1000 सोलर चरखे महिलाओं को दिए जाएंगे। 366 चरखे पहले ही बांटे जा चुके हैं। इससे सूत कातने वाली महिलाओं को काफी राहत मिलेगी, उनकी उत्पादन क्षमता तो बढ़ेगी ही सूत की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
इसके लिए लखनऊ की 21 महिलाओं को आयोजन स्थल (अवध शिल्प ग्राम) पर आमंत्रित किया गया है। इनका चयन खादी उत्पादन केंद्र अमेठी द्वारा किया गया है। बाकी महिलाओं को जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में चरखे उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इसके अलावा यूपी दिवस पर माटी कला बोर्ड की ओर से 1660 कुम्हारी चाक (बिजली से चलने वाले) भी बांटे जाएंगे। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर 25 लोगों का आमंत्रित किया गया है।
126 सेमी ऑटोमेटिक दोना-पत्तल मशीनें दी जाएंगी
कार्यक्रम में दोना-पत्तल बनाने की 126 सेमी ऑटोमेटिक मशीनों का भी वितरण होना है। इसके लिए प्रयागराज, बाराबंकी, अयोध्या, सीतापुर और लखीमपुर खीरी के 21 लोगों को कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित किया गया है। इस मशीन की खूबी यह है कि इससे उपलब्धता के आधार पर कागज या पत्ते के पत्तल और दोने बनाए जा सकते हैं। कागज के दोने, पत्तल, गिलास या प्लेट बनाने के लिए उसी साइज के रोल और डाई का इस्तेमाल करना होता है। इसकी उत्पादन क्षमता प्रति दिन 2000 तक होती है। मशीन पाने वालों को पहले 15 दिन प्रशिक्षण दिया जाता है। मशीन के साथ कागज का रोल भी दिया जाएगा।