पढ़ें, यूपी के नए डीजीपी सुलखान सिंह का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा के रहने वाले सुलखान सिंह ने प्रदेश के 55वें डीजीपी का पदभार शनिवार को संभाल लिया है। डीजीपी के पद पर नियुक्त होने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं।
नए डीजीपी ने कहा, किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं होगी। जो कानून हाथ में लेगा, उससे सख्ती से निपटेंगे। पुलिस को वीकऑफ मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा, स्वास्थ्य के लिए विश्राम मिलना चाहिए तो जरूरी है कि साप्ताहिक अवकाश मिले। उम्मीद है कि इससे प्रदर्शन में सुधार मिलेगी। नाइट शिफ्ट के बाद भी रेस्ट मिलना चाहिए।
डीजीपी ने कहा सौ फीसदी एफआईआर सुनिश्चित करनी है। हमने ट्रेनिंग में एटीट्यूडनल चेंज को शामिल किया है ताकि व्यवहार सुधारकर जनता का दिल जीत सकें।
अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। पुलिस को बेहतर बनाना और जनता का भरोसा जीतना हमारी प्राथमिकता होगी। सुलखान सिंह ने अमर उजाला संवाददाता सैयद यासिर रजा से खास बातचीत की। पेश है प्रमुख अंश :
सवाल- कानून-व्यवस्था प्रदेश के लिए बड़ा मुद्दा रही है। इसे लेकर आपने कोई योजना बनाई है?
जवाब- देखिए, अभी तो मैंने चार्ज भी नहीं संभाला है। चार्ज संभालने दीजिए। फिर एक-एक करके सब कुछ दुरुस्त होगा। पुलिस बिना किसी दबाव में आए निष्पक्ष कार्रवाई करेगी तो बाकी समस्याएं अपने आप ही हल हो जाएंगी।
लापरवाह पुलिसकर्मियों को किया जाएगा दंडित
सवाल- पुलिस का मनोबल न गिरे, इसके लिए क्या करेंगे?
जवाब- निचले स्तर से लेकर पुलिस अधिकारियों तक की तैनाती मेरिट के आधार पर होगी। अच्छा काम करने वाले पुलिस कर्मियों को इनाम मिलेगा और लापरवाह पुलिस कर्मियों को दंडित किया जाएगा।
सवाल- सरकार की प्राथमिकताओं को कैसे पूरा करेंगे?
जवाब- सरकारी योजनाओं में समय निर्धारित कर कार्रवाई की जाएगी। एंटी रोमियो स्क्वॉयड को अभियान की तरह नहीं, बल्कि नियमित पुलिसिंग की तरह चलाया जाएगा। इसके लिए स्क्वॉयड को ब्रीफिंग की जिम्मेदारी दी जाएगी। जहां तक वांछितों को गिरफ्तार करने की बात है तो अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी जाएगी और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
क्राइम से निपटने को पुलिस को पूरे अधिकार
सवाल- पुलिस पर लगातार हमले हुए हैं, सहारनपुर में भी बवाल हुआ है। इन पर कैसे काबू पाएंगे?
जवाब- पुलिस को हर तरह के क्राइम से निपटने के पूरे अधिकार दिए गए हैं। सरकार की ओर से निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश हैं और मेरी ओर से भी स्पष्ट निर्देश होगा कि वे अपराधियों से सख्ती से निपटें। जो पुलिस कर्मी नहीं निपट सकते, उनसे हम निपटेंगे।
सवाल- पिछले कुछ दिनों में यूपी से कई संदिग्ध आतंकी पकड़े गए हैं। आप किस तरह नजर रखेंगे?
जवाब- हमारी कोशिश होगी कि सूचना तंत्र को मजबूत करें। सूचना तंत्र मजबूत होगा तो घटनाओं की समय रहते जानकारी मिलेगी और कार्रवाई हो सकेगी। इसके लिए एटीएस को और मजबूत किया जाएगा, संसाधनों से लैस किया जाएगा।
सवाल- शहरों में जाम एक बड़ी समस्या है। इससे कैसे निपटेंगे?
जवाब- अधिकारियों के साथ मीटिंग कर पता करूंगा कि कहां-कहां कमियां हैं? कोशिश होगी कि जल्द से जल्द कमियों को दूर कर लोगों को जाम से निजात दिलाई जाए।