UP: सीएम योगी ने दिए निर्देश - 'ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी रोकें, अपराधियों से सख्ती से निपटें'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेनों और रेलवे परिसरों में होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं को पूरी तरह समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। ऐसा कृत्य करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक तकनीक-सक्षम और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े रेल यातायात वाले राज्य उत्तर प्रदेश में यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। रेलवे नेटवर्क में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पूरी सख्ती से लागू की जाए।
रेलवे ट्रैक और ट्रेनों की सुरक्षा की समीक्षा के दौरान सीएम को बताया गया कि संयुक्त गश्त, ड्रोन और सीसीटीवी निगरानी, डिजिटल सत्यापन, निरीक्षण एप के माध्यम से संदिग्धों की जांच और संवेदनशील स्थलों की निगरानी की जा रही है। सीएम ने ट्रेनों और रेलवे परिसरों में होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं को पूरी तरह समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। ऐसा कृत्य करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए । अफसरों ने बताया कि विभिन्न रेल मंडलों में पत्थरबाजी की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।
ये भी पढ़ें - तीन दिन की सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार से, एसटीएफ की निगरानी में स्ट्रांग रूम पहुंचे पेपर; ऐसे प्राप्त करें प्रवेश पत्र
ये भी पढ़ें - अपनी सरकार के खिलाफ मुखर हुए कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, कहा- मुठभेड़ में किसी को मारना ठीक नहीं
सीएम ने रेलवे परिसरों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डीजी रेलवे ने बताया कि वर्ष 1867 में स्थापित जीआरपी वर्तमान में छह अनुभागों, 65 थानों और 89 अस्थायी चौकियों के जरिए कार्य कर रही है। जीआरपी प्रतिदिन 3031 से अधिक ट्रेनों, करीब 1550 रेलवे स्टेशनों और 30 लाख से अधिक यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही है।
त्योहारों पर विशेष ध्यान दें
मुख्यमंत्री ने त्योहारों, बड़े आयोजनों और भर्ती परीक्षाओं के दौरान रेलवे स्टेशनों पर प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मानव तस्करी के खिलाफ करें सख्त कार्रवाई
महिला सुरक्षा, मानव तस्करी और गुमशुदा बच्चों की बरामदगी की समीक्षा के दौरान सीएम ने अभियानों को और प्रभावी बनाने को कहा। बैठक में बताया गया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक जनवरी से 26 मई 2026 तक 860 बच्चों को बरामद किया गया, जबकि विभिन्न अभियानों के जरिए 2325 लोगों को उनके परिवारों से मिलाया गया है। हरदोई जीआरपी थाना उत्तर भारत का पहला आईएसओ-9001 प्रमाणित जीआरपी थाना बन चुका है।
अर्धकुंभ की तैयारी करें
सीएम ने कहा कि अपराधियों को त्वरित सजा दिलाने के लिए अभियोजन व्यवस्था को और मजबूत करें। वहीं वर्ष 2027 में प्रस्तावित हरिद्वार अर्धकुंभ को देखते हुए अभी से व्यापक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.