सरकार बिना किसी भेदभाव के इंसाफ करेगी: सीएम आदित्यनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम आदित्यनाथ योगी ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि लोकतंत्र में भेदभाव की गुंजाइश नहीं होती। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी के साथ इंसाफ करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, चुनावी मंचों पर हम सब एक-दूसरे पर वार करते हैं, लेकिन इस सदन में प्रदेश की 22 करोड़ जनता के लिए हम सब मिलकर काम कर सकें, ऐसा माहौल बनना चाहिए।
सीएम ने कहा, जनता ने हमें जिस काम के लिए चुनकर भेजा है, हमारा ध्यान उसी पर होना चाहिए। मैं दृढ़ता से कह रहा हूं कि विपक्ष के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा। हमें विपक्ष का भरपूर सहयोग चाहिए।
आबादी के हिसाब से उत्तर प्रदेश दुनिया के छठे नंबर के देश के बराबर है, लेकिन विकास दर और आम लोगों की समस्याओं को देखते हुए लगता है कि हम बहुत पीछे हैं। हम सबकी जिम्मेदारी है कि प्रदेश को आगे बढ़ाने की दिशा में मिल-जुलकर काम करें।
व्यवहार सुधारने के लिए विधायकों को दी नसीहत
विधायकों व मंत्रियों को योगी की तरफ से काफिला लेकर न चलने और किसी से दुर्व्यवहार न करने की हिदायत भी मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही जिलों के प्रभारी मंत्री तय कर दिए जाएंगे।
विधायक उनके साथ बैठकर अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास की योजना बना लें। कहीं यदि कोई अधिकारी नहीं सुन रहा है तो उससे सीधे भिड़ने के बजाय प्रभारी मंत्री को बताएं।
अधिकारी से काम कराने की जिम्मेदारी प्रभारी मंत्री की होगी। यह भी कहा कि वह खुद भी विधायकों के लिए लगातार उपलब्ध रहेंगे। कहीं कोई कठिनाई आ रही है तो उनसे मिलकर भी बताई जा सकती है।
कार्यकर्ताओं से भी आग्रह कर लिया जाए कि कोई अधिकारी या कर्मचारी उनकी बात नहीं सुन रहा है तो वे उससे न भिड़ें बल्कि इसकी जानकारी अपने विधायक या संगठन के वरिष्ठ लोगों को दें। जनहित के विरुद्ध या दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारी व कर्मचारी निश्चित रूप से दंडित किए जाएंगे।