अखिलेश का वार, आदित्यनाथ को कहा बहरूपिया!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सीएम अखिलेश यादव यूपी के विधानसभा उपचुनाव में हासिल हुई अप्रत्याशित जीत के बाद फूले नहीं समा रहे हैं। भाजपा पर हमला करने का एक भी मौका अखिलेश हाथ से निकलने नहीं दे रहे। शुक्रवार को भी अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोला और भाजपा के स्टार प्रचारक रहे महंत आदित्यनाथ को निशाना बना लिया।
अखिलेश ने इशारे-इशारे में महंत पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग भेष बदलकर घूम रहे थे और राजनीति की दिशा बदलना चाहते थे, उन्हें जनता ने हरा दिया है। अखिलेश ने इस मौके पर अपनी पार्टी के नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं की भी जमकर पीठ ठोंकी। लखनऊ में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत की।
अखिलेश ने बताया कि उपचुनाव में मिली जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता ने समाजवादी नीतियों पर मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने यह भी मान लिया है कि यही पार्टी सही विचारधारा वाली है।
'गरीबों को भेजा विधानसभा'
अखिलेश ने जनता तक यह संदेश पहुंचाने की भी कोशिश की कि उनकी पार्टी में हर तबके के लोगों को तरजीह दी जा रही है। उन्होंने ठाकुरद्वारा, बहराइच और कौशांबी के नए विधायकों का परिचय कराया और कहा कि नेताजी ने गरीबों को विधानसभा पहुंचाया है।
अखिलेश ने हर बार की तरह अपनी सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि हमने 500 श्रमिकों को साइकिल दी और 10 को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद। इसके अलावा, दो ग्रामीणों को 15-15 हजार रुपये की मदद दी गई।
अखिलेश ने अपनी आगामी योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि यूपी सरकार श्रमिकों को मुफ्त पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाएगी और उनके बच्चों की कक्षा एक से 12वीं तक की पढ़ाई का भी बंदोबस्त सरकार ही करेगी।
'झूला झूल रहे अच्छे दिन लाने वाले'
अखिलेश ने गुरुवार को भी केजीएमयू में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा पर तंज किया था। उन्होंने कहा था, 'अच्छे दिन लाने वाले झूला झूल रहे हैं। उनके बारे में अभी कुछ नहीं कहूंगा। जो घूम रहे थे, उनको भी समाजवादी जनता ने आइना दिखा दिया है।'
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और छात्र-छात्राओं से कहा कि जब मुझे केजीएमयू का निमंत्रण मिला तो सोचा था कि जाऊंगा तो उत्तर प्रदेश में उपचुनाव का परिणाम क्या होगा। जनता का धन्यवाद, समाजवादियों को मौका दिया।
मीडिया को भी धन्यवाद, क्योंकि जीतो तो उनके लिखने का तरीका बदल जाता है। हार जाओ तो तरीका अलग होता है। आज अच्छे दिनों में हम आपके बीच हैं और अच्छे दिन लाने वाले झूला झूल रहे हैं। इसलिए अभी उन पर कुछ नहीं कहूंगा।