यूपी: सीट बंटवारे पर भाजपा का बड़ा प्लान, इस बार जिताऊ उम्मीदवारों को ही मिलेगा मौका; जानिए पूरा गणित
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर जल्द मंथन करेगी। पार्टी जीत की संभावना के आधार पर सहयोगियों को सीटें देने की तैयारी में है। कांटे की टक्कर वाली सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतार सकती है। जरूरत पड़ने पर सहयोगी प्रत्याशी भाजपा के चुनाव चिह्न पर भी लड़ेंगे।
विस्तार
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा सहयोगी दलों को दी जाने वाली सीटों के बंटवारे पर जल्द मंथन शुरू करेगी। इसका उद्देश्य एनडीए में एकजुटता बनाए रखना और चुनाव से पहले किसी असहज स्थिति से बचना है। इसके लिए सहयोगी दलों को दी जाने वाली सीटों का ब्योरा जल्द केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। सीटों का अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा।
दरअसल, चुनाव नजदीक आते ही सहयोगी दलों ने अपनी रणनीति बदलनी शुरू कर दी है। तीनों सहयोगी दल अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं और गाहे-बगाहे भाजपा पर दबाव भी बना रहे हैं। हालांकि, भाजपा प्रदेश के बदलते सियासी समीकरणों का आकलन कर रही है। सीट बंटवारे का फार्मूला तय होने के बावजूद इसकी घोषणा उचित समय पर ही की जाएगी।
लोकसभा चुनाव के नतीजों को देखते हुए भाजपा इस बार सीटों के बंटवारे में सावधानी बरत रही है। पार्टी सहयोगियों को उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका देगी, जहां उनकी जीत की संभावना अधिक होगी। कांटे की टक्कर वाली सीटों पर भाजपा अपनी रणनीति के तहत उम्मीदवार उतार सकती है।
जरूरत पड़ने पर सहयोगी दल के प्रत्याशी को भाजपा के चुनाव चिह्न पर भी मैदान में उतारा जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर में सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी है।
