UP Big News: योगी बोले- अब सिर्फ मेरिट से मिलेगी नौकरी, नकली नोट गैंग का पर्दाफाश; परिवार के तीन लोगों की मौत
UP Big News: उत्तर प्रदेश में आज दिनभर राजनीति से लेकर प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मौसम तक कई अहम घटनाएं सामने आईं। राज्य के अलग-अलग जिलों से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं, जिनका सीधा असर आम जनता की जिंदगी पर पड़ता है। आइए एक ही खबर में पढ़ते हैं, उत्तर प्रदेश की आज की सबसे बड़ी और अहम खबरें।
विस्तार
UP Big News: हम आपके लिए उत्तर प्रदेश से जुड़ी दिनभर की सभी प्रमुख और अहम खबरों का संक्षिप्त, लेकिन प्रभावी सार लेकर आए हैं। हालांकि 'पूरी खबर पढ़े' पर क्लिक करके आप उस खबर को विस्तृत रूप में पढ़ सकते हैं। यहां प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक की घटनाओं के बारे में तथ्यात्मक और सटीक जानकारी आपको मिलेगी। राज्य में क्या बदला? कहां क्या हुआ? कौन-सी खबरें सुर्खियां बनीं? सब कुछ एक ही जगह पर पढ़ सकते हैं। आइए, आज की उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरों पर विस्तार से नजर डालते हैं।
योगी बोले- अब भाई-भतीजावाद नहीं, मेरिट से मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने दो टूक कहा कि उत्तर प्रदेश में अब भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा।
प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही हमारा परिवार है और सरकार सभी के साथ समान व्यवहार करेगी। नियुक्ति की प्रक्रिया में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा। योग्यता और मेरिट के आधार पर प्रदेश के हर युवा को अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। पढ़ें पूरी खबर
24 घंटे चालू रहेंगी इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाएं
दीपावली और छठ पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश के सभी राजकीय और स्वशासी मेडिकल कॉलेजों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इमरजेंसी और ट्रॉमा सेवाएं 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं।
त्योहारों के दौरान आग लगने, सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा सुविधाएं और व्यवस्थाएं तैयार रखने को कहा गया है। सरकार का निर्देश है कि किसी भी मरीज को आपात इलाज के लिए भटकना न पड़े। पढ़ें पूरी खबर
दीपावली पर जुआ खेलने वालों को नकली नोट खपाने की थी तैयारी
दीपावली पर जुआ खेलने वालों के बीच नकली नोट खपाने की तैयारी कर रहे तीन लोगों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1.74 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला कलर प्रिंटर, स्याही, कागज और डाई भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी त्योहार के दौरान जुआ खेलने वालों की नकदी की जरूरत का फायदा उठाकर नकली नोट बाजार में चलाना चाहते थे।
एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से श्रावस्ती में नकली नोट छापने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। पांच नवंबर की रात टीम को जानकारी मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य सोनवा थाना क्षेत्र के भिटिया चिचड़ी स्थित गिरिराज राइस मिल में मौजूद हैं। इसके बाद एसटीएफ ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पढ़ें पूरी खबर
पुलिया से पानी के गड्ढे में गिरी कार, पति-पत्नी और मासूम की मौत
हरदोई में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास अनियंत्रित कार पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पति, पत्नी और उनके महज तीन माह के मासूम बच्चे की डूबने व गंभीर चोट आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मूल रूप से हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्रा के निवासी और वर्तमान में चांद बेहटा में रह रहे रमेश कुमार (35) हरियाणा के गुड़गांव में काम करते थे। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह शुक्रवार तड़के अपनी पत्नी नीलम (32), तीन माह के दूधमुंहे बच्चे और अपने साथी आदित्य कुमार पुत्र नरेश सिंह के साथ कार से अपने गांव लौट रहे थे। पढ़ें पूरी खबर
प्रदेश में सर्दी की दस्तक
उत्तर प्रदेश में अब ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और शाम के साथ रात में भी ठंडक महसूस होने लगी है। बृहस्पतिवार को हरदोई, कानपुर, इटावा, मुजफ्फरनगर और मेरठ समेत प्रदेश के 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। दिन में धूप खिलेगी और अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा। हालांकि रात के तापमान में धीरे-धीरे मामूली गिरावट आने से ठंड बढ़ेगी। पढ़ें पूरी खबर
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.