यूपी: एक्सप्रेसवे पर जाने से पहले चालकों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण, नशे की भी होगी जांच; पढ़िए नए नियम
आगरा एक्सप्रेसवे हादसे के बाद प्रदेश सरकार सभी एक्सप्रेसवे पर चालकों की स्वास्थ्य और नशे की जांच कराने की व्यवस्था करेगी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संबंधित विभागों को नीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गति सीमा का सख्ती से पालन और चालकों की समय-समय पर काउंसिलिंग कराई जाएगी।
विस्तार
आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने सभी एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों की जांच कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। अब एक्सप्रेसवे पर वाहन ले जाने से पहले चालक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसमें यह भी जांच होगी कि चालक ने किसी मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है। इसके अलावा वाहनों की निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को इस संबंध में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा है। उन्होंने नौ नवंबर को आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर हुए बस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों की गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए। इसके लिए समय-समय पर वाहन चालकों की काउंसिलिंग भी कराई जाए। साथ ही प्रत्येक वाहन को एक्सप्रेसवे पर प्रवेश देने से पहले चालक का स्वास्थ्य परीक्षण कराने की व्यवस्था बनाई जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसने मादक पदार्थों का सेवन नहीं किया है।
विभागों को आपसी समन्वय से बनानी होगी नीति
डिप्टी सीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से इस व्यवस्था को लागू करने के लिए नीति तैयार करने और उसका पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। उनका मानना है कि समय रहते इन उपायों को लागू करने से सड़क हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।