यूपी: देवगौड़ा के फैसले से नाराज जनता दल एस का सपा में विलय, भाजपा-बसपा के कई नेता भी पार्टी में शामिल
लोकसभा चुनावों में एक पार्टी के नेताओं का दूसरे दलों में जाने का सिलसिला जारी है। जनता दल एस का बुधवार को सपा में राष्ट्रीय स्तर पर विलय हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में जनता दल (एस) का राष्ट्रीय स्तर पर समाजवादी पार्टी में विलय हो गया। वहीं भारतीय समाज दल तथा शोषित समाज अधिकार पार्टी ने बिना शर्त समाजवादी पार्टी को समर्थन दिया। भाजपा और बसपा के भी कई नेता भी सपा में शामिल हुए।
जनता दल (सेक्यूलर) के अध्यक्ष भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा से हाथ मिलाने के फैसले से असंतुष्ट जनता दल (एस) के राजस्थान, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, केरल, के प्रतिनिधियों ने समाजवादी पार्टी में विलय का निर्णय लिया। समाजवादी पार्टी केरल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ साजी पोथेन थॉमस के प्रयासों से आज जनता दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव आर.एस. प्रभास, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष शिव सिंह, केरल के प्रदेश अध्यक्ष पंतलाम मोहन दास, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बैकुण्ठ नाथ सहित हरियाणा और पंजाब इकाई के पदाधिकारी भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
भारतीय समाज दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नारायण राजभर तथा शोषित समाज अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार गौतम ने अपने तमाम पदाधिकारियों के साथ लोकसभा चुनाव 2024 में समाजवादी पार्टी को बिना शर्त समर्थन देने का एलान किया। अखिलेश यादव के समक्ष भाजपा के पूर्व प्रत्याशी विनोद शुक्ला ने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। कन्नौज के दीपू चौहान के साथ पार्टी में शामिल हो गए।
सपा में दी गई नई जिम्मेदारी
वारणसी के संजय मिश्रा को समाजवादी पार्टी की राज्य कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नामित किया गया है। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि ने लखनऊ के शैलेन्द्र कुमार यादव को प्रदेश महासचिव और जौनपुर के अनिल यादव राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव नामित किया गया है। उन्नाव के अभिषेक सिंह को राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव नामित किया गया है।
प्रशासन की नाकामी है बदायूं की घटना : अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बदायूं की घटना प्रशासन की नाकामी है। उन्होंने दोहराया कि कई विभागों में प्रतियोगिता चल रही है कि कौन अपना स्तर ज्यादा गिराएगा। उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है। नौजवानों का भविष्य में अंधकारमय हो गया है। स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हो चुकी हैं। अखिलेश यादव बुधवार को प्रदेश सपा मुख्यालय पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। कानून व्यवस्था पर जीरों टालरेंस का दावा जीरो हो चुका है। अपराधियों में कानून का डर नहीं है। जौनपुर में फेंक एनकाउंटर हुआ, प्रतापगढ़ में हिरासत में मौत हुई। तत्काल पुलिस रिस्पांस सिस्टम यूपी डायल 100 को भाजपा सरकार ने 112 बनाकर बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह से विफल है। सरकार और पुलिस प्रशासन की नाकामी के कारण प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को समय से पुलिस की मदद नहीं मिल रही है। न्यूयॉर्क के पुलिस विभाग का जो रिस्पांस सिस्टम है, उसी तर्ज पर समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को रिस्पांस सिस्टम दिया था। लेकिन, भाजपा के लोग तो हर घटना से राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं। जब उनके मंत्री, विधायक या पूरा विभाग, दूसरी बातों में लगा होगा, तो कब व्यवस्था बनाएंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का नौजवान कभी भाजपा को नहीं भूलेगा, जिसने उनके आगे बढ़ने का रास्ता रोक दिया। अग्निवीर जैसी व्यवस्था लागू करके भाजपा ने युवाओं के सपने तोड़े हैं। अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यही नौजवान, किसान, मजदूर, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग भाजपा सरकार को हटाने का काम करेंगे। इस सरकार ने एक भी जिला अस्पताल नहीं बनवाया जिसमें गरीब का इलाज हो सके। जितने मेडिकल कॉलेज बने, वो आधुनिक खंडहर हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि गोमती नदी की सफाई में तीन हजार करोड़ रुपया खर्च हुआ। लेकिन, अभी तक गोमती नदी में नाला बह रहा है। यह सरकार जाने वाली है।