महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव के अयोध्या दौरे पर कोरोना का असर, सरयू आरती में नहीं होंगे शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार के 100 दिन पूरे होने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शनिवार को अयोध्या आ रहे हैं। वे रामलला के दरबार में माथा टेकेंगे, लेकिन उद्धव न तो सरयू आरती करेंगे न ही किसी प्रकार की जनसभा होगी। कोरोना वायरस के खतरे को लेकर दोनों कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत मुख्यमंत्री के आगमन कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में हैं। राउत ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों को रद्द किया गया है। मुख्यमंत्री योगी ने भी भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों से बचने की अपील की थी।
संजय राउत ने बताया मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लखनऊ से होते हुए अयोध्या आएंगे। वे दोपहर बाद करीब दो बजे लखनऊ पहुंच जाएंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे वह पूरे परिवार के साथ रामलला के दर्शन करेंगे।
उद्धव के दौरे के विरोध के सवाल पर राउत ने कहा कि मैं बीते पांच दिनों से अयोध्या में हूं। कहीं कोई विरोध नजर नहीं आ रहा है। कोई विरोध करना चाहता है तो वह उसकी भूमिका है। लोकतंत्र में सभी को विरोध करने का अधिकार है। संत महंत भी राजनीतिक विरोध करने लगे हैं। अच्छी बात है उनमें जागरूकता आई है।
'जो गाइडलाइन मिली है, उसका अनुपालन होगा'
राउत ने कहा सरयू आरती होने वाली थी लेकिन जिस प्रकार से कोरोना वायरस से डर का माहौल है। प्रधानमंत्री जी ने भीड़ वाले कार्यक्रमों से बचने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से भी बात हुई है। सबका आह्वान है कि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम से बचा जाए। उसके बाद उद्धवजी से बात हुई है।
सरकार की तरफ से जो गाइडलाइन मिली है, उसका अनुपालन होगा। सरयू आरती स्थगित कर दी गई है। संजय राउत ने बताया कि शिवसेना के करीब दो हजार कार्यकर्ता व सांसद, विधायक भी अयोध्या पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि उद्घव ठाकरे राममंदिर निर्माण के लिए कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं।