लखनऊ: इंदिरा बैराज में मिले युवक-युवती के बंधे हुए शव, ऑनर किलिंग की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज में मंगलवार सुबह इंदिरा बैराज में युवक-युवती के बंधे हुए शव मिलने से हड़कंप मच गया। डैम के पास दुकान लगाने वाले अतर सिंह यादव से सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाए।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के मुताबिक, युवती का बायां हाथ और युवक की दाहिनी जांघ एक दुपट्टे से बंधे हुए थे। पुलिस दोनों के प्रेमी युगल होने और खुदकुशी करने की आशंका जता रही है। जबकि ग्रामीणों का मानना है कि उनकी हत्या करके शव नदी में फेंके गए हैं। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि शिनाख्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे देखे गए शव लगभग दो सप्ताह पुराने हैं और उनकी हालत काफी खराब हो चुकी है। चेहरा पहचान में आ रहा है न ही शरीर पर कोई चोट स्पष्ट हो रही है। ऐसा लगता है कि दोनों शव कहीं दूर से बहते हुए बैराज के गेट में फंस गए हैं।
ग्रामीणों ने जताई ऑनर किलिंग की आशंका
युवती के शरीर पर नीले रंग की लैगिंग और काला-सफेद चेकदार टॉप है। युवक ने नीली शर्ट और ग्रे जींस पहन रखी है। उसकी जींस में लगी बेल्ट खुली हुई है। पुलिस ने गोताखोर बुलवाकर शव बाहर निकलवाए। कपड़ों की तलाशी में मृतकों की पहचान संबंधी कोई भी चिह्न या संकेत नहीं मिला। इस बीच बैराज के आसपास सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई। हालांकि, पुलिस दोनों के खुदकुशी करने की बात कह रही है।
मौत के बाद हाथ और जांघ बांधने की आशंका
युवती का बायां हाथ और युवक की दाहिनी जांघ दुपट्टे से बंधी देखकर ग्रामीण इसे सीधे हत्या का मामला मान रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, अगर दोनों ने एक-दूसरे को खुद ही बांधकर खुदकुशी की होती तो कमर, हाथ या पैर से बांधते। एक का हाथ और दूसरे की जांघ बांधकर खुदकुशी करना गले से नहीं उतर रहा। ऐसा लग रहा है कि दोनों की हत्या के बाद हत्यारों ने जल्दबाजी में दुपट्टे से एक का हाथ व दूसरे की जांघ बांधकर शव नदी में फेंके हैं।
गुमशुदगी का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
शवों की शिनाख्त के लिए पुलिस राजधानी और आसपास के जनपदों से बीते एक महीने के दौरान गायब हुए युवक-युवती और प्रेमी युगलों का रिकार्ड खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बाराबंकी पुलिस से भी संपर्क किया गया है।