इंदिरा नहर में नहाने गए दो भाई डूबे, मचा कोहराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोसाईंगंज में बुधवार दोपहर दोस्तों के साथ ड्रीमवैली पार्क घूमने गए सगे भाई रमेश (25) और अनिल मौर्या (22) इंदिरा नहर में डूब गए। पुलिस ने गोताखोर लगाए लेकिन दोनों का पता नहीं चला।
गुरुवार को भी दोनों की तलाश की गई लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। एसओ अरविंद पांडेय का कहना है कि दोनों युवक बहकर काफी दूर चले गए होंगे। आगे के जनपदों की पुलिस से संपर्क किया गया है।
एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि मूल रूप से बलिया निवासी रमेश और अनिल यहां सरस्वतीपुरम में पिता राम अवध मौर्या के साथ रहते थे। रमेश गोमतीनगर की एक मोबाइल शॉप में काम करता है, जबकि अनिल पतंजलि के स्टोर में कर्मचारी है।
बुधवार को वह अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ ड्रीमवैली पार्क गए थे। यहां सबने जमकर होली खेली और मौज-मस्ती की। करीब चार बजे सभी नहाने के लिए इंदिरा नहर चले गए। अनिल नहर में उतरकर नहाने लगा। वह डूबने लगा तो चीख-पुकार शुरू हो गई। रमेश उसे बचाने के लिए गया तो वह भी तेज धार में फंस गया। देखते ही देखते दोनों भाई डूब गए।
भाइयों के डूबने से मच गया कोहराम
सगे भाइयों के नहर में डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। राम अवध ने बताया कि सभी रंग खेलकर बच्चों के लौटने का इंतजार कर रहे थे। शाम को घर पर पार्टी रखी गई थी।
पहली बार डूबा तो बचा लाया
एसओ ने बताया कि अनिल, रमेश और उनके दोस्त नहर में नहा रहे थे। अनिल डूबने लगा और मदद के लिए चीखा तो रमेश उसे निकालकर बाहर ले आया। कुछ देर बाद अनिल ने फिर नहर में छलांग लगा दी और डूबने लगा। रमेश फिर से नहर में कूदा लेकिन इस बार वह न भाई को बचा सका न खुद को।
छोटे के सामने दो भाई डूब गए
अनिल और रमेश का छोटा भाई तैरना नहीं जानता था। वह नहर के किनारे ही बैठकर दोनों को नहाते और पानी में मस्ती करते देख रहा था। दोनों जब डूबने लगे तो वह बचाने के लिए चीखा। आसपास के लोगों से मदद मांगी।
ग्रामीण आए और नहर में कूदे लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला। एसओ ने बताया कि छोटा भाई तैरना नहीं जानता था इसलिए नहर में नहीं कूदा।