14 फरवरी को आसमां में उड़ने का मौका, रूम बुकिंग पर मिलेगी छूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पर्यटन विभाग ने 14 फरवरी को यूपी का पहला पर्यटन दिवस अनूठे ढंग से मनाने का फैसला किया है। राजधानी में जहां लोगों को हॉट एयर बैलून से आसमान में उड़ने का मौका मिलेगा, वहीं विंटेज कार रैली के अलावा सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। सभी जिलों में भी रंगारंग कार्यक्रम होंगे।
प्रमुख सचिव सूचना एवं पर्यटन नवनीत सहगल ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि यूपी घरेलू पर्यटकों के लिहाज से देश में दूसरे और विदेशी पर्यटकों के लिहाज से तीसरे स्थान पर है।
पर्यटन दिवस का उद्देश्य देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करना है। 14 फरवरी को सुबह 6:30 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क और चौक स्टेडियम में हॉट एयर बैलून के माध्यम से पर्यटकों को लखनऊ की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण विरासत को देखने का मौका मिलेगा।
75 लोगों को हॉट एयर बैलून सवारी का मौका
वहीं ‘आपका लखनऊ आपका स्लोगन’ कैम्पेन के तहत सबसे अच्छे नारे देने वाले 75 लोग हॉट एयर बैलून की सवारी कर सकेंगे। इसके अलावा पर्यटन के बारे में अच्छे नारे देने वाले 75 अन्य लोग भी इसकी सवारी का लुत्फ ले सकेंगे।
200 से 250 लोगों को बैलून की टीदर्ड फ्लाइट के लिए भी चयनित किया जाएगा।सहगल ने बताया कि पर्यटन दिवस पर विंटेज कार रैली का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे पर्यटन भवन से होगा। यह रैली लामार्ट, दिलकुशा होते हुए छतर मंजिल पर खत्म होगी।
14 फरवरी को सायं 4.30 बजे जनेश्वर मिश्र पार्क में फोटो प्रदर्शनी, फूड फेस्टिवल, कल्चरल ईवनिंग और हॉट एयर बैलून की टीदर्ड फ्लाइट का आयोजन होगा। उसी दिन शाम को प्रदेश की नई पर्यटन नीति भी लॉन्च की जाएगी।
होटल के कमरे बुक करवाने में मिलेगी छूट
पर्यटन दिवस पर उप्र पर्यटन निगम के होटलों में छूट दी जाएगी। यह छूट रूम बुक कराने पर 20 फीसदी और खाने-पीने की चीजों पर 10 फीसदी होगी।
प्रमुख सचिव ने लखनऊ, आगरा, वाराणसी और इलाहाबाद के बीच हवाई सेवा जल्द शुरू करने की बात फिर कही है। कहा, इस मामले में एयर इंडिया से तो बात नहीं बनीं, मगर कुछ और एयरलाइंस संपर्क में हैं।
प्रयास है कि इन स्थानों पर उड़ान भरने के लिए कम से कम दो विमानों की व्यवस्था हो जाए।