{"_id":"6a7b8fa8775712b2640d5226","slug":"three-lakh-people-faced-a-power-crisis-due-to-unscheduled-power-cuts-lucknow-news-c-13-lko1096-1871519-2026-08-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: आघोषित बिजली कटौती से तीन लाख लोगों ने झेला बिजली संकट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: आघोषित बिजली कटौती से तीन लाख लोगों ने झेला बिजली संकट
विज्ञापन
राजाजीपुरम ट्रांसफार्मर के केबल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग। मोहन रोड की बिजली आपूर्ति ठप होने प
विज्ञापन
लखनऊ। उमस भरी गर्मी के बीच राजधानी के पश्चिमी और ग्रामीण इलाकों में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दुबग्गा क्षेत्र के एफसीआई उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में पिछले तीन दिनों से बिजली की आवाजाही बनी हुई है। अलग-अलग क्षेत्रों में करीब तीन लाख लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बार-बार बिजली गुल होने से घरों के जरूरी काम प्रभावित हुए। बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी में सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।
एफसीआई उपकेंद्र से संबंधित क्षेत्र सुदामा होटल के पीछे बुद्धेश्वर इलाके में शनिवार रात से बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। उपभोक्ताओं के मुताबिक शनिवार रात नौ बजे गई बिजली ढाई बजे आई। रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आपूर्ति बाधित रही। सोमवार सुबह चार से नौ बजे तक बिजली गुल रही। इसके बाद रात 7:30 बजे से डेढ़ बजे तक आपूर्ति ठप रही। नरौना, सलेमपुर पतौरा, पिंक सिटी, नाजिम नगर, जाहिद नगर, बुद्धेश्वर बिहार, आलम बिहार, सोना बिहार, मायापुरम, बादरखेड़ा, भपटामऊ और मॉडल सिटी समेत कई इलाकों में सोमवार रात से मंगलवार शाम तक 30 से अधिक बार बिजली कटी। सोमेश शुक्ला, अनुज त्रिपाठी, रामराज रावत सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि लाइनमैन का कहना है कि कर्मचारियों की कमी है। इस दौरान करीब 65 हजार लोगों ने बिजली संकट का सामना किया।
विज्ञापन
बसंत कुंज और दुबग्गा ओल्ड में भी संकट
बसंत कुंज उपकेंद्र के लालाबाग रमना, फरीदीपुर, बेगरिया और बसंत कुंज समेत कई इलाकों में दो से तीन घंटे की कटौती हुई। दुबग्गा ओल्ड उपकेंद्र के जेहटा, मौरा, बरावन कला, मलहा, बनियाखेड़ा, कटौली, जमालनगर और आम्रपाली समेत कई इलाकों में दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रही। करीब एक लाख लोग प्रभावित हुए।
विज्ञापन
उपभोक्ताओं का आरोप, नहीं होती सुनवाई
बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के अधिकारियों पर शिकायतों के बावजूद प्रभावी सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उपभोक्ता अमित, राजेश ,रामशंकर, सुरेंद्र, रंजीत, विजय शर्मा, राकेश सिंह, नीरज वर्मा, राकेश लोधी समेत अन्य कई लोगों ने बताया कि लगातार कटौती की समस्या के समाधान के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उपभोक्ताओं ने अब उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
मोहन रोड की बिजली आपूर्ति ठप, हंगामा
राजाजीपुरम न्यू बिजली उपकेंद्र से पोषित मोहन रोड क्षेत्र में अचानक बिजली गुल होने से नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया। यहां उपकेंद्र परिसर में लगे 11 केवी ट्रांसफार्मर के एलटी केबल में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे फीडर की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। जेई मनी राम ने बताया कि केबल शाॅर्ट होने की घटना 11:11 बजे हुई। उपकेंद्र की तकनीकी टीम को फाॅल्ट दुरुस्त करने में समय लग गया। नाराज उपभोक्ताओं को किसी तरह शांत किया गया।
काकोरी में 25 से ज्यादा बार बिजली गुल
काकोरी के शाहपुर फीडर से जुड़े इलाकों में सोमवार रात से मंगलवार शाम तक 25 से ज्यादा बार बिजली कटी। करीब चार घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से लोग बेहाल रहे। उपभोक्ताओं ने व्यवस्था सुधारने की मांग की।
एबीसी लाइन जलने और ओवरलोड से बढ़ी समस्या
दुबग्गा खंड के एसडीओ रामकेश ने बताया कि एबीसी लाइन जलने और ओवरलोड के कारण फीडरों में दिक्कत आ रही है। शिकायत मिलते ही टीमें भेजकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है।
एक लाइन पर बढ़ रहा लोड
एफसीआई उपकेंद्र के जेई जहांगीर आलम ने बताया कि क्षेत्र में फिलहाल एक ही लाइन से आपूर्ति हो रही है। लोड बढ़ने पर केबल में फॉल्ट आ जाता है। जल्द दूसरी लाइन बिछाई जाएगी, जिससे समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

राजाजीपुरम ट्रांसफार्मर के केबल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग। मोहन रोड की बिजली आपूर्ति ठप होने प