लखनऊ: मनकामेश्वर मंदिर का दानपात्र, आलमारी तोड़कर लाखों के जेवर-नकदी चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनकामेश्वर मंदिर का दानपात्र, आलमारी तोड़कर चोरों ने लाखों का माल उड़ा दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पुलिस को चोरों की तस्वीरें मिल गई हैं। केस दर्ज कर इनकी तलाश की जा रही है। वहीं, पारा और पीजीआई थानाक्षेत्रों में दो बंद मकानों से जेवर-नकदी समेट ले गए।
मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्यागिरि ने बताया कि चोरी की वारदात सात मार्च की रात करीब 12 बजे हुई। चोरों ने मंदिर के सभी दानपात्र तोड़कर नकदी निकाल ली। इसके बाद परिसर में स्थित आलमारी भी तोड़ डाली और कीमती सामान समेटकर बोरे में भर लिया। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई।
मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो चोरों के फोटो मिल गए। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है। दूसरी वारदात पारा थानाक्षेत्र में हुई। यहां लखीमपुर खीरी के खकरिया गांव निवासी मनोज कुमार गुप्ता ने मकान का ताला तोड़कर जेवर-नकदी चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह ने बताया कि मनोज यहां बुद्धेश्वर के पास मायापुरम में सुरेश कुमार गुप्ता के मकान में किराए पर रहते हैं। 10 मार्च को वह होली मनाने लखीमपुर खीरी गए थे। इस दौरान चोरों ने उनके कमरे में धावा बोल दिया। कमरे व अलमारियों का ताला तोड़कर सोने का एक हार, एक झाला, दो अंगूठी, एक चेन, दो जोड़ी पायल, चार चूड़ी, पांच पैंडेंटयुक्त माला, एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड व 1.65 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए।
बंद मकान से चोर जेवर-नकदी ले उड़े
इसके अलावा पीजीआई थाना क्षेत्र में तेलीबाग की वृंदावन कॉलोनी निवासी प्रभात कुमार के बंद मकान से चोर जेवर-नकदी ले उड़े। प्रभात ने बताया कि आठ मार्च की शाम वह जरूरी काम से बाहर गए थे। इस दौरान मकान का ताला तोड़कर चोरों ने दस हजार नकद, सोने की तीन अंगूठी, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायल, चार खगोरा, चार जोड़ी चांदी की बिछिया, दो करधन, दो जोड़ी टॉप्स, तीन नाक की कील, चांदी के आठ सिक्के व चांदी की एक राखी और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड उड़ा दिया।