लखनऊ। इंटीग्रल विवि की छात्रा अंशिका सिंह की आत्महत्या के मामले में परिजनों ने जांच की मांग की है। फोरेंसिक टीम ने छात्रा के मोबाइल फोन का डाटा खंगाला है। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन में छात्रा की आत्महत्या का राज छिपा है। छात्रा के कॉल डिटेल रिकॉर्ड से कई सुराग मिलेंगे। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।
इंटीग्रल विवि में बीएससी बायोटक की छात्रा गोंडा के हथिया जानकी नगर निवासी अंशिका का शव बृहस्पतिवार को गुडंबा में निजी हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला था। छात्रा की डायरी में सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। छात्रा ने परिजनों से माफी भी मांगी थी। हालांकि, आत्महत्या का कारण नहीं लिखा था। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस छात्रा के कुछ सहपाठियों से पूछताछ करेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इस मामले में पुलिस हॉस्टल में रहने वाली अंशिका की दोस्तों से भी जानकारी लेगी।