कोहरे नहीं इस वजह से तीन दिनों तक 90 फ्लाइटें होंगी प्रभावित, होना पड़ेगा परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डिफेंस एक्सपो के दौरान तीन दिनों तक अमौसी एयरपोर्ट का रनवे रोजाना पांच घंटे बंद रहेगा। इससे करीब 90 फ्लाइटें प्रभावित होंगी और 20 हजार यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ेगी। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि एयरलाइनों को पूर्व सूचना दे दी जाएगी, जिससे विमानों को रिशेड्यूल किया जा सकेगा।
इसमें लखनऊ से दिल्ली व लखनऊ से मुम्बई रूट के अलावा हैदराबाद, कोलकाता, बेंगलुरू की उड़ानों पर असर पड़ेगा। इसमें गोएयर, इंडिगो, एयर इंडिया, विस्तारा की उड़ानें शामिल हैं। वृंदावन कॉलोनी के सेक्टर-15 में ‘डेफेक्स्पो 2020’ पांच फरवरी से शुरू हो रहा है।
एक्सपो में हनुमान सेतु से निशातगंज पुल तक रिवर फ्रंट पर आर्मी, एयरफोर्स व नेवी की ओर से जहाजों, हथियारों के लाइव शो होंगे, जिसमें चिनूक, सुखोई-30, जगुआर जैसे एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। इस दौरान अमौसी एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली फ्लाइटों से समस्याएं न पैदा हों, इसी को ध्यान में रखकर एयरपोर्ट प्रशासन व डिफेंस एक्सपो के आयोजकों के बीच बातचीत हुई।
बढ़ेंगे विमान, रनवे होगा व्यस्त
यह तय किया गया कि जब सेना के विमानों का शो होगा तो रनवे को बंद किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक और दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक विमानों की आवाजाही बंद रहेगी। सुबह विमानों पर असर नहीं पड़ेगा।
पर, शाम को फ्लाइटों की संख्या अधिक है, जिससे विमान प्रभावित होंगे। एक्सपो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से लेकर थल, वायु व नौ सेना प्रमुख सहित मंत्री और विदेशी डेलीगेट भी विमानों से अमौसी पहुंचेंगे। ऐसे में रनवे पर विमानों की व्यस्तता बढ़ जाएगी। इससे भी संचालन पर असर पड़ेगा।
यात्रियों की सुविधा का रखेंगे ध्यान
पर, एक्सपो में आने वाले मेहमान जब हेलीकॉप्टर से लखनऊ पहुंचेंगे तो उन्हें एयरपोर्ट पर पार्क किया जा सकेगा। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक 40 हेलीकॉप्टरों को पार्क करने का अनुभव है।
डिफेंस एक्सपो के दौरान सेना के विमानों की आवाजाही के दौरान यात्री विमानों पर असर न पड़े, इसलिए एयरलाइनों को पूर्व सूचित कर दिया जाएगा, जिससे वे फ्लाइटों को रिशेड्यूल कर सकेंगे। यात्रियों को दिक्कतें न हों, इसका ख्याल रखा जा रहा है। - एके शर्मा, निदेशक, अमौसी एयरपोर्ट