भाजयुमो नेता पर श्रीनगर में आतंकी हमला, बुलेट प्रूफ गाड़ी ने बचाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजयुमो के राष्ट्रीय महासचिव अभिजात मिश्र के बुलेट प्रूफ वाहन पर आतंकियों ने पुलवामा जिले में हमला किया। इसमें वे बाल-बाल बच गए। वे आतंकियों की गोली का शिकार शोपियां भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौहर भट के घर से शोक संवेदना जाहिर कर लौट रहे थे।
ज्ञात हो कि गौहर की हत्या से काफी उबाल है। कश्मीर में भी आतंकियों की इस करतूत से लोगों में काफी गुस्सा है। उनके जनाजे में भारी भीड़ उमड़ी। साथ ही भाजपा तथा भाजयुमो ने जगह-जगह श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। भाजपा ने गौहर के परिवार को पांच लाख रुपये मदद की घोषणा की है।
लखनऊ के रहने वाले अभिजात मिश्र का दावा है कि पुलवामा जिले के बुदरू में उनके बुलेट प्रूफ वाहन पर हमला किया गया। उनकी कार पर दो स्थानों पर निशान हैं। उन्होंने कहा कि झाड़ियों से सीधे उन्हें लक्ष्य कर फायरिंग की गई। यदि बुलेटप्रूफ वाहन नहीं होता तो सीधे गोली उन्हें लगती। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यदि यह आतंकी हमला है तो यह काफी निंदनीय है। उनके साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एजाज हुसैन भी थे।
पांच गाड़ियों का काफिला था साथ
पुलिस का कहना है कि भाजयुमो नेता को पूरी सुरक्षा दी गई थी। करीब पांच गाड़ियों का सुरक्षा काफिला साथ था। यह लगता है कि काफिले पर फायरिंग नहीं की गई बल्कि पथराव हो सकता है। यदि फायरिंग होती तो सुरक्षा बल जवाबी कार्रवाई जरूर करते। फिर भी पुलिस घटना की जांच कर रही है।
हमले से डरने वाले नहीं : अभिजात
भाजयुमो नेता अभिजात मिश्र ने कहा है कि इस प्रकार की घटनाओं से डरने वाले नहीं हैं। भाजयुमो अध्यक्ष की हत्या और उनके काफिले पर हमले से किसी प्रकार का भय नहीं है। दरअसल यह आतंकियों की हताशा है। अब लोगों ने आतंक की राह पर जाने से इनकार कर दिया है। शांति में विश्वास रखने वाले श्रीनगर तथा कश्मीर के लोगों से कहना चाहते हैं कि ऐसी घटनाओं से शांति में रुकावट नहीं आ सकती।