दो घंटे तक चला तांत्रिकों का तांडव, सिपाही की अंगुली काटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र के जोधीपुर मजरे मटका गांव में उधारी का रुपया मांगने पर रविवार को पांच तांत्रिकों ने दो सगे भाइयों समेत पुलिस वालों को बंधक बना लिया। दोनों भाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
तांत्रिकों ने तीन सिपाहियों की पिटाई के साथ एक सिपाही की फरसे से दो अंगुलियां काट दीं। ग्रामीणों ने महिला समेत पांच तांत्रिकों की जमकर धुनाई की।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे जोधी मजरे मटका गांव में जय हो जदवंश धर्म प्रचारक संस्था है। इसमें सुरेशचंद्र यादव उर्फ भिखारी, भूपेंद्र कुमार, राजेश कुमार, राजू, चंद्रावती मौर्य झाड़फूंक करने का कार्य करते हैं।
गांव निवासी सुरेश कुमार द्विवेदी से तांत्रिकों ने चार हजार रुपये उधार लिए थे। रविवार को उधारी का रुपया मांगने गए सुरेश के बेटों रमेश व परमेश को तांत्रिकों ने बंधक बना लिया।
दोनों भाइयों को सिपाही के सामने ही दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
कोतवाली से पहुंचे दो सिपाहियों को भी तांत्रिकों ने बंधक बना लिया। यही नहीं दोनों भाइयों को सिपाहियों के आगे ही दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
सलोन कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो तांत्रिकों ने सिपाहियों पर हमला बोल कृष्ण नारायण, अभय वर्मा को घायल कर दिया, जबकि रामस्वरूप वर्मा की दाहिनी हाथ की दो अंगुलियां फरसे से काट दीं।
एसपी हरिनारायण सिंह, एएसपी वीरेंद्र यादव ने पहुंच घेराबंदी कराई तब तांत्रिक शांत हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने महिला समेत पांच तांत्रिकों पर हमला बोल दिया। बाइक तोड़ दी और एक झोपड़ी आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से फरसा, त्रिशूल, सरिया समेत अन्य सामान बरामद किया है।
दो घंटे तक चला तांडव, खूब लहराए फरसा, त्रिशूल
महिला समेत पांच तांत्रिकों की दबंगई जिसने भी देखी वह दंग रह गया। दो घंटे तक तांत्रिक तांडव मचाते रहे। पुलिस उन्हें शांत कराती रही, लेकिन उन पर खाकी का खौफ नहीं दिखा।
यही वजह रही कि तांत्रिकों ने फरसा, त्रिशूल, सरिया लहराए। भारी पुलिस फोर्स आने के बाद ही तांत्रिकों को काबू में किया जा सका।
पांचों तांत्रिक जाएंगे जेल: एसपी
पुलिस अधीक्षक हरिनारायण सिंह ने बताया कि उधारी का रुपया मांगने पर महिला समेत पांच तांत्रिकों ने बवाल किया था। पांचों तांत्रिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी को जेल भेजा जाएगा। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।