लखनऊ: एसटीएफ के रडार पर प्रॉपटी डीलर, जमीनों के अधिग्रहण से लेकर प्लॉट बेचने तक में खेल की होगी जांच
लखनऊ के 12 बड़े प्रॉपर्टी डीलरों की कुंडली खंगाली जा रही है। इसके लिए 150 प्लॉट खरीदारों का ब्योरा एलडीए ने किया तैयार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोमतीनगर विस्तार में जमीनों के अधिग्रहण से लेकर प्लॉट बेचने तक में खेल करने वाले 12 बड़े प्रॉपर्टी डीलरों की एलडीए में कारस्तानी की कुंडली खंगाली जा रही है। शासन ने इसकी जिम्मेदारी एसटीएफ को सौंपी है।
जांच एजेंसी एलडीए के सहारे फर्जीवाड़ा करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों को बेनकाब करने में जुट गई है। इसके लिए प्राधिकरण के बड़े अफसरों को गोपनीय पत्र भेजकर गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-छह में जिन लोगों को प्लॉट का आवंटन किया गया है, उनका ब्योरा तलब किया गया है। वहीं, एलडीए ने भी ऐसे प्लॉट खरीदारों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
इससे पहले खुफिया विंग ने शासन को रिपोर्ट भेजकर बताया था कि गोमतीनगर विस्तार में करीब 12 बड़े प्रॉपर्टी डीलरों ने जमीन की खरीद-फरोख्त में बड़े कारनामे कर करोड़ों के वारे-न्यारे किए हैं। इस पर शासन ने एसटीएफ के अपर पुलिस महानिदेशक अमिताभ एस को जांच सौंपी। डिप्टी एसपी दीपक सिंह मामले की पड़ताल कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि एलडीए अब तक लगभग 150 प्लॉट खरीदारों का ब्योरा तैयार कर चुका है। वहीं, यह भी अंदेशा है कि इन प्रॉपर्टी डीलरों की कारस्तानी में सेक्टर-छह के कुछ आवंटी न फंस जाए।
खुफिया विंग ने भेजी रिपोर्ट
एलडीए के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार में एसटीएफ ने जिस मामले की जांच शुरू की, उसकी खुफिया विंग ने रिपोर्ट भेजी है। इसमें कहा गया कि प्रापर्टी डीलरों ने जमीन अधिग्रहण से लेकर बेचने तक में बड़े पैमाने पर खेल किया है। कुछ प्रापर्टी डीलरों ने तो फर्जी तरीके से प्लॉट तक बेच डाले हैं।
नेताओं की काली कमाई खपाई
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कुछ प्रापर्टी डीलरों ने राजनेताओं की काली कमाई को गोमतीनगर विस्तार में खपाया है। यहां ने नेताओं की बेनामी प्रॉपर्टी खड़ी की गई। ऐसा करने वालों प्रॉपर्टी डीलरों के साथ एलडीए के कुछ अफसरों की भी संलिप्तता बताई जा रही है।
ये खेल किए गए
- बिना पंजीयन के बेच दिए लोगाें को प्लॉट।
- प्लॉट का नक्शा भी नहीं कराया गया स्वीकृत।
- फर्जी तरीके से एक प्लाट कई को बेच डाले।
शासन के निर्देश पर चल रही जांच
एसटीएफ के प्रभारी पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह का कहना है कि शासन के निर्देश पर जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ जांच चल रही है। इसके लिए एलडीए से प्लॉट आवंटियों का विवरण मांगा गया है।