लखनऊ: बेकाबू निजी बस ने फुटपाथ पर सो रहे परिवार को रौंदा, दो मासूमों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के जानकीपुरम के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास तेज रफ्तार निजी डबल डेकर बस ने फुटपाथ पर सो रहे परिवार को रौंद दिया। हादसे में सगी बहनों पूजा (6) और खुशबू (10) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके पिता और भाई सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने इन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हादसे के बाद दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने बस कब्जे में ले ली है। अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक जानकीपुरम मोहम्मद अशरफ के मुताबिक मूल रूप से सीतापुर के संदना इलाके के सद्दीकपुर बड़ेरा निवासी पप्पू के भाई दिनेश कुमार का परिवार इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के फुटपाथ पर झुग्गी बनाकर रहता है। वहीं पर वह पान मसाले की दुकान लगाता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 5.30 बजे सीतापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने सो रहे परिवार को कुचल दिया।
हादसे में दिनेश कुमार की दो मासूम बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दिनेश, उसका बेटा करन, सिधौली का बबलू और हसनगंज सीतापुर रोड मक्कागंज निवासी अकरम घायल हो गए। एक घायल की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे के वक्त मजदूर अकरम चौराहे पर खड़ा था। वहीं, घायल हुआ अज्ञात टेंपो में बैठा था।
पहले टेंपो को मारी टक्कर, फिर फुटपाथ पर चढ़ाई बस
स्थानीय लोगों के मुताबिक इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास फ्लाईओवर से उतरते वक्त बस काफी तेज रफ्तार में थी। उसने पहले फुटपाथ किनारे खड़े टेंपो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक के स्टीयरिंग मोड़ने से बस फुटपाथ पर चढ़ गई और सो रहे पांच लोगों को रौंद दिया। हादसे के बाद भगदड़ मच गई।
पुलिस को स्थिति काबू करने में मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के चलते रिंग रोड की यातायात व्यवस्था दो घंटे तक पूरी तरह प्रभावित रही। पुलिस को वाहनों को डायवर्ट करना पड़ा। गौरतलब है कि सुबह के समय चौराहे के पास मजदूरों की भीड़ रहती है। इसमें ज्यादातर सीतापुर के होते हैं।
सवारियों से भरी बस छोड़कर भागा चालक
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक हादसे के बाद चालक सवारियों से भरी बस छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से थाने पहुंचाया। मालिक से संपर्क कर बस चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। घायल दिनेश के भाई पप्पू की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने और दो लोगों की मौत का जिम्मेदार मानते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।