विवेक हत्याकांड: 72 बिंदुओं के इर्द-गिर्द घूमेगी एसआईटी की जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विवेक तिवारी हत्याकांड की जांच एसआईटी ने सीबीआई की तर्ज पर तेज कर दी है। सोमवार को एसआईटी ने मीटिंग की और जांच का पूरा प्लान ऑफ एक्शन तैयार किया। तय किया गया कि इस जांच में किन किन बिंदुओं की जांच करनी है। किन-किन दस्तावेजों को संकलित करना है। किस-किस के बयान दर्ज करने हैं।
एसआईटी इस प्रकरण में कुल 72 बिंदुओं पर जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। एसआईटी ने लखनऊ पुलिस से अब तक इस संबंध में लगभग 48 दस्तावेज व जांच से जुड़ी चीजों को अपने कब्जे में लिया है। इसमें पिस्टल व कारतूस को बैलेस्टिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। घटनास्थल से ली गई मिट्टी और कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
आईजी ने की परिवार के लोगों से बात
सोमवार को ही एसआईटी प्रमुख सुजीत पांडेय विवेक तिवारी के घर भी गए और विवेक तिवारी की पत्नी से भी लंबी बात की। वहीं एसआईटी की एक टीम ने घटना की चश्मदीद सना के भी बयान दर्ज किए हैं। सूत्रों की मानें तो मंगलवार को एसआईटी की टीम सना को लेकर घटना स्थल पर जा सकती है और वहां पर घटना का रूपांतरण करेगी।
दरअसल एसआईटी की कमान संभाल रहे आईजी रेंज लखनऊ सुजीत पांडेय को सीबीआई का लंबा अनुभव है। सोमवार को जब यह तय हो गया कि मामले की सीबीआई जांच नहीं होगी तो उन्होंने इसकी जांच सीबीआई की ही तर्ज पर करने का फैसला किया और पूरी प्लानिंग तैयार की।
गाड़ी में कैसे बढ़ गया डेंट?
इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रही विवेक तिवारी की गाड़ी की दो तस्वीरों ने भी पुलिस पर कई सवाल खड़े किए हैं। हालांकि इस मामले की जांच कर रहे एसआईटी के अध्यक्ष और लखनऊ रेंज के आईजी सुजीत पांडेय ने बताया कि, विवेक की कार की वीडियोग्राफी घटना स्थल और गोमतीनगर थाने दोनों स्थानों पर कराई गई है। जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं उनका मिलान वीडियो से किया जाएगा। सुजीत पांडेय ने बताया कि फॉरेंसिक टीमें एक एक इंच और एक एक चीज की बारीकी से जांच करती हैं।