विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 : प्रमोद के परिवार में दर्ज था जाकिर का नाम, फॉर्म-7 भरकर हटवाया
यूपी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इसके तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ ही त्रुटि सुधार और नाम कटवाने के लिए भी फॉर्म भरे गए।
विस्तार
लखनऊ के गोसाईंगंज के मोहारी खुर्द की मतदाता सूची में प्रमोद कुमार सिंह के परिवार के साथ जाकिर अली का नाम भी दर्ज था। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार से शुरू हुए दो दिवसीय विशेष शिविर में प्रमोद ने अपने बूथ नवी खेड़ा पहुंचकर फॉर्म-7 भरकर उनका नाम कटवाया। राजधानी में शनिवार से शुरू हुए दो दिवसीय विशेष शिविर में त्रुटि सुधार के साथ ही नए नाम जोड़ने और मृतक एवं अपात्रों के नाम काटने का अभियान भी चलाया गया।
प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि जाकिर अली खुजौली गांव के निवासी हैं और उनका नाम गलती से मोहारी खुर्द की मतदाता सूची में दर्ज हो गया था। अब आवेदन के आधार पर उनका नाम हटाने की प्रक्रिया की जाएगी। मतदाता सूची से नाम कटवाने के साथ ही नए मतदाताओं में सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भी उत्साह दिखा।
इसी बूथ पर 19 वर्षीय महक ने पहली बार मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 जमा किया। इसी तरह सरोजनीनगर के बंथरा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बूथ संख्या 237 पर सात फॉर्म-6 भरे गए। वहीं, बूथ संख्या 233 पर नौ, 234 पर नौ और 235 पर आठ आवेदन मिले। बंथरा निवासी राकेश ने अपना नाम हमीरपुर की सूची से हटवाकर वार्ड संख्या 13 में दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 भरा।
डीएम ने लखनऊ मध्य और सरोजनीनगर के बूथों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने शनिवार को लखनऊ मध्य और सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने लखनऊ मध्य में टिकरा हाउस, लालबाग, एमा थॉमसन, लालबाग कैंट रोड, बटलर पैलेस कॉलोनी और अवध गर्ल्स कॉलेज, गौतमपल्ली स्थित बूथों का जायजा लिया। इसके बाद सरोजनीनगर के आशियाना स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल और महाराजा बिजली पासी राजकीय महाविद्यालय के बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित मिले। डीएम ने निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए।
यहां भी आए आवेदन
- वृंदावन सेक्टर-6 के सेंट विसल स्कूल बूथ पर दोपहर दो बजे तक फॉर्म-6 के 15 और फॉर्म-8 के आठ आवेदन आए।
- बीकेटी के बूथ संख्या 163 पर 13 और 162 पर 16 फॉर्म-6 जमा हुए। फॉर्म-8 के क्रमश: एक और दो आवेदन मिले।
- काकोरी की ग्राम पंचायत मुबारकपुर में चार मृतकों के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरे गए।
- निगोहां के अघैया बूथ पर ऑनलाइन माध्यम से 10 आवेदन प्राप्त हुए।
- चिनहट में नए नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन किए गए।
- राजाजीपुरम के इंदिरा गांधी प्रशिक्षण संस्थान स्थित बूथ पर करीब 50 फॉर्म-6 और सात फॉर्म-8 भरे गए।
- आलमबाग के उच्च प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या 138 पर नए नाम जोड़ने के लिए 15 आवेदन आए, जबकि बूथ संख्या 139 पर संशोधन के छह फॉर्म भरे गए।
- मलिहाबाद के जिंदौर गांव के गढ़ी बूथ पर दो फॉर्म-6 जमा हुए।
- सिसेंडी के दो बूथों पर 17 आवेदन मिले। इनमें शादी के बाद ससुराल आईं लाड़ली ने यहां नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म भरा, जबकि शिवम ने बालिग होने पर पहली बार मतदाता बनने की पहल की।
