सपा नेत्री को धमकी: टिकट मांग रही हो,तेजाब से नहला देंगे!
सपा नेत्री उज्मा सोलंकी ने व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने और फोन कॉल कर गाली-गलौज करने का आरोप कथित पत्रकार पुनीत वाजपेयी पर लगाया है। आईजी के आदेश पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज हुई है।
सपा नेत्री ने बताया कि 22 जुलाई की रात उनके मोबाइल फोन पर कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि वह पुनीत वाजपेयी है। परिचय पूछने पर खुद को एक सम्मानित समाचार पत्र का पत्रकार बताया।
सुबह बात करने को कहते हुए मैंने फोन काट दिया। कुछ देर बाद फिर फोन आया और आरोपी ने फोन पिक करते ही गाली-गलौज से बात की। फोन काट देने पर आरोपी ने मैसेज भेजा जिसमें कहा गया है कि छावनी से टिकट मांग रही हो, रास्ते से हट जाओ।
ट्रिक फोटोग्राफी से बर्बाद करने की धमकी
सपा नेत्री को तेजाब से नहलाने की धमकी भी दी और कहा कि रास्ते से नहीं हटी तो तेजाब से नहला देंगे। ट्रिक फोटोग्राफी के जरिए बर्बाद कर देंगे।
यह मैसेज कई बार में भेजे गए हैं। आरोपी ने व्हाट्सएप पर भी अश्लील मैसेज भेजे। 25 जुलाई को फिर फोन कर आरोपी ने उसी लहजे में बात की तब चकेरी थाने में तहरीर दी गई।
बकौल सपा नेत्री चकेरी पुलिस ने कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत एफआईआर कराने की बात कही। इस पर उन्होंने आईजी से संपर्क किया और पूरी बात बताई।
कोतवाली इंस्पेक्टर हरीराम वर्मा ने बताया कि गाली-गलौच, धमकी देने और 66आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।