यूपी चुनाव: कत्ल व घोटाले के आरोपियों को सपा ने दिया टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा ने एनआरएचएम घोटाले के आरोपी कांग्रेस विधायक मुकेश श्रीवास्तव को और पत्नी की हत्या के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी को टिकट दिया गया है। अमनमणि हत्या में सजायाफ्ता पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे हैं। प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जिन नौ सीटों पर नए उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें 2012 में पांच सीटों पर सपा हारी थी।
जीती हुई सीटों में से दो विधायक, गोपामऊ (हरदोई) से श्याम प्रकाश और जलालपुर (अंबेडकर नगर) से शेरबहादुर सिंह भाजपा में शामिल हो चुके हैं। सपा ने सांडी (हरदोई) की विधायक राजेश्वरी को गोपामऊ से उम्मीदवार बनाया है और उनकी देवरानी व हरदोई की पूर्व सांसद उषा सिंह को सांडी से टिकट दिया है।
सपा ने 17 पूर्व घोषित प्रत्याशियों में बदलाव किया है। बिजनौर की नजीबाबाद सीट पर अबरार आलम अंसारी का टिकट काटकर बसपा से बगावत करने वाले मौजूदा विधायक तसलीम अहमद को टिकट दिया है। आगरा की खैराबाद सीट से पूर्व मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह की पत्नी रानी पक्षलिका सिंह प्रत्याशी हैं।
अखिलेश, रामगोपाल के नजदीकियों पर गाज
सरधना (मेरठ) के अतुल प्रधान को सीएम अखिलेश का नजदीकी माना जाता है। उनके स्थान पर शिवपाल के करीबी समझे जाने वाले पिंटू राणा उम्मीदवार होंगे। वहीं, मेरठ शहर से रफीक अंसारी का टिकट काटकर अय्यूब अंसारी पर दांव लगाया गया है। रफीक, रामगोपाल के साथ ही सीएम के भी करीबी रहे हैं। खुर्जा सुरक्षित सीट से सुनीता चौहान भी रामगोपाल खेमे में गिनी जाती है। उनकी जगह पहले भी चुनाव लड़ चुके रवीन्द्र वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया गया है।
ये हैं दागी
शाहनवाज राणा :
बिजनौर से बसपा विधायक रह चुके शाहनवाज राणा को मो. इलियास का टिकट काटकर मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। मुजप्फरनगर बाईपास पर उनकी कार में दिल्ली की युवतियों से छेड़छाड़ का मामला काफी चर्चा में रहा था। राणा सपा के टिकट पर 2014 का लोकसभा चुनाव लड़े थे। 2012 का विस चुनाव रालोद प्रत्याशी के रूप में लड़े।
मुकेश श्रीवास्तव : एनआरएचएम घोटाले में जेल तक जा चुके
सपा ने कांग्रेस के दागी विधायक मुकेश श्रीवास्तव को बहराइच की प्रयागपुर सीट से टिकट दिया है। मुकेश पिछले दिनों अखिलेश और आजम खां की मौजूदगी में सपा में शामिल हुए थे। वे एनआरएचएम घोटाले के आरोपी हैं और जेल भी जा चुके हैं।
अमनमणि त्रिपाठी : पत्नी की हत्या का आरोप
महाराजगंज की नौतनवा सीट से टिकट। उनके पिता अमर मणि त्रिपाठी कवियित्री मधुमिता हत्याकांड में सजायाफ्ता हैं और जेल में हैं। अमनमणि को कुछ माह पहले पत्नी सारा की हत्या के आरोप में नामजद कराया गया है। सारा की मां जब मुख्यमंत्री अखिलेश से मिली तो उन्होंने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। उनके खिलाफ और भी आपराधिक मामले हैं।
एक दिन पहले भाजपा में शामिल वाल्मीकि को दिया टिकट
सपा नेता जसबीर वाल्मीकि ने दो अक्तूबर को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष भाजपा में शामिल होने की घोषणा की थी। सपा ने उन्हें सहारनपुर जिले की रामपुर मनिहारन सीट से उम्मीदवार बनाया है। जसबीर को रशीद मसूद का नजदीकी माना जाता रहा है।
अमनमणि को टिकट पर क्या बोले अखिलेश-रामगोपाल
अखिलेश : टिकट देने और काटने की जानकारी मुझे नहीं होती। मैं सच बोलता हूं, झूठ नहीं बोल सकता। हमारा स्टैंड क्लीयर है।
रामगोपाल : अमनमणि को पहले भी टिकट मिला है। टिकट बंटवारे पर किसी तरह का मतभेद नहीं है।