सरकारी अस्पतालों में दवा मिलने में नहीं आएगी दिक्कत, आएगा नया तरीका
सरकारी अस्पतालों में दवा के लिए मरीजों को भटकना ना पड़े इसके लिए नई तकनीकी का प्रयोग किया जाएगा। इस तकनीकी से दवाओं के वितरण में गड़बड़ी पर भी रोक लग सकेगी।
सरकारी अस्पतालों में दवा के सुव्यवस्थित वितरण के लिए सॉफ्टवेयर बनेगा। बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने इसमें सहयोग करने का वादा किया। साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए भी मदद करेगा।
फाउंडेशन के कंट्री हेड गिरेंद्र बिहारी ने सोमवार को यहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फाउंडेशन के स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में सहयोग के लिए राज्य सरकार की सराहना भी।
राज्य सरकार से सहयोग का किया वादा
कंट्री हेड ने कहा, फाउंडेशन राज्य सरकार के साथ मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, नई जीवन रक्षक वैक्सीन, बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल, आधुनिक गर्भ निरोधक साधनों के उपयोग को बढ़ावा देने व उनकी उपलब्धता जनता तक सुनिश्चित कराकर जनसंख्या नियंत्रण में सहयोग प्रदान करने के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य सरकार के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में सहयोग का भी वादा किया। सीएम ने कहा कि जब से 108 समाजवादी एंबुलेंस सेवा व 102 नेशनल एंबुलेंस सेवा शुरू हुई है काफी लोगों को इसका लाभ मिला है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अरविंद कुमार भी मौजूद थे।