Shravasti: संदिग्ध जानवर के हमले में बालिका घायल, रेफर, पूरी रात रतजगा करते रहे दहशत में आए ग्रामीण
श्रावस्ती के इकौना में एक जानवर ने तीन साल की बच्ची पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बच्ची घायल हो गई। उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
विस्तार
घर के आंगन में बुधवार देर शाम खाना खा रही गणेशपुर निवासी तीन वर्षीय बालिका पर किसी हिंसक जानवर ने हमला कर दिया। परिजनों की चीख पुकार पर वह बालिका को छोड़ मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल बालिका को जिला अस्पताल भिनगा लाया गया। यहां से उसे पहले बहराइच बाद में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं घटना से दहशत में आए ग्रामीण पूरी रात रतजगा करते रहे।
इकौना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर निवासी महराजदीन की तीन वर्षीय पुत्री पाली बुधवार देर शाम घर के आंगन में खाना खा रही थी। इसी बीच गन्ने के खेत से निकल कर घर में पहुंचे किसी हिंसक जानवर ने बालिका पर हमला कर दिया। पास में मौजूद परिजनों के शोर मचाने पर जानवर बालिका को मौके पर छोड़कर भाग निकला। घायल बालिका को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। यहां से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी के बाद एसडीएम इकौना पीयूष जायसवाल, सीओ भरत पासवान, थानाध्यक्ष इकौना अखिलेश पांडेय, रेंजर विकास वर्मा व सेमरी तरहर चौकी प्रभारी सहित वन विभाग की टीम ने गांव पहुंच कर घटना का जायजा लिया। वहीं जानवर के हमले के बाद दहशत में आए ग्रामीण पूरी रात लाठी डंडा लेकर उसकी खेत में तलाश करते रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.