बसपा खत्म होने की कगार पर, मायावती अपनी चिंता करें: शिवपाल
सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव का कहना है कि बसपा खत्म होने की कगार पर है इसलिए मायावती को खुद की चिंता करनी चाहिए। हर रोज पार्टी का कोई न कोई नेता बसपा छोड़कर जा रहा है, इसलिए वो पार्टी की चिंता करें।
बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाने पर शिवपाल ने कहा कि मायावती को कुछ भी पता नहीं है, वह लिखा हुआ भाषण पढ़ती हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि 26 राज्यों में अपराध दर यूपी से अधिक है।
मायावती द्वारा एक्सप्रेस वे व मेट्रो को बसपा सरकार का प्रोजेक्ट बताने पर कहा कि मायावती पहले तो ये बताएं कि अगर ये सब उनके समय में हुआ तो उन्होंने इसका शिलान्यास क्यों नहीं किया।
शिवपाल ने आरोप लगाया कि मायावती लूट के पैसों से भीड़ इकट्ठा करती हैं। पार्टी का हर नेता उन पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगा रहा है।
'लोग बसपा शासन को याद कर कांप उठते हैं'
शिवपाल ने कहा कि बसपा शासन में मची लूट, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उत्पीड़न को याद कर लोग कांप उठते हैं। थाने में बलात्कार व सीएमओ हत्याकांड को लोग अब भी नहीं भूले हैं।
शिवपाल ने कहा कि बसपा ने पत्थर के पार्क बनवाने के अलावा कोई काम नहीं किया। शिवपाल ने बसपा रैली में भगदड़ में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पीड़ित लोगों को हर संभव मदद करेंगे।