घर के पास ही मिलेगी शिक्षकों को नौकरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर क्षेत्र के शिक्षा मित्रों को नगर क्षेत्र में ही सहायक अध्यापक के पद पर समायोजित किया जाएगा। इसके लिए पूर्व निर्धारित नीति का पालन किया जाएगा। सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता ने इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारियों को तय समय में समायोजन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही चेतावनी दी है कि अगर लापरवाही सामने आई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दूसरे चरण में दूरस्थ शिक्षा से बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 91,104 शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक के पद पर समायोजित करने की प्रक्रिया 30 अप्रैल तक पूरी कर लेनी है।
इस संबंध में सचिव बेसिक शिक्षा ने सभी बीएसए को निर्देश दिया है कि शिक्षा मित्रों के समायोजन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षा मित्रों को ग्रामीण क्षेत्र और नगरीय क्षेत्र को नगरीय क्षेत्र में समायोजित किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रदेश के करीब 15 जिले ऐसे हैं जहां रिक्त पद से अधिक शिक्षा मित्र हैं। इसलिए ऐसे जिलों में यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रमोशन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाए, जिससे अधिक से अधिक शिक्षा मित्रों को समायोजित किया जा सके।
प्रशिक्षु शिक्षकों के भरे 54 हजार से अधिक पद
प्रशिक्षु शिक्षकों के 54 हजार से अधिक पद भर चुके हैं। बेसिक शिक्षा विभाग बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी देगा और यह भी बताएगा कि आरक्षित और शिक्षा मित्रों के लिए तय कोटे के मुताबिक पात्र नहीं मिल रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट से आदेश मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी करेगा। गौरतलब है कि प्राइमरी स्कूलों में प्रशिक्षु शिक्षक के 72,825 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने सामान्य वर्ग को टीईटी में मिले 105 और आरक्षित वर्ग को 60 अंक पर पात्र माना है। इसके आधार पर प्रमाण पत्रों का मिलान कराते हुए पात्रों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया चल रही है।