शादी का झांसा देकर दो बहनों का किया यौन शोषण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के चिनहट स्थित सिटी लॉ कॉलेज में एलएलबी के एक छात्र ने गोरखपुर की युवती से सात साल पहले दोस्ती बनाई। शादी का झांसा देकर यौन शोषण के साथ अश्लील फोटो खींचे। इतना ही नहीं उसकी छोटी बहन से भी दुष्कर्म करने के साथ अश्लील फोटो बना डाले और दोनों बहनों को ब्लैकमेल करने लगा।
आजिज आई दोनों बहनों ने वीमेन पॉवर लाइन के आईजी से गुहार लगाई। गुडंबा थाने में संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी छात्र को मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है।
वीमेन पॉवर लाइन के आईजी नवनीत सिकेरा ने बताया कि सोमवार को पिता के साथ आई दो बहनों ने कल्याणपुर गुडंबा के एक फ्लैट में रह रहे एलएलबी छात्र रोहित राज सिंह पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण,दुष्कर्म,अश्लील क्लिप बनाकर ब्लैकमेलिंग व धमकी देने की शिकायत की।
बड़ी बहन के बाद छोटी बहन के साथ भी बनाए संबंध
सिटी लॉ कॉलेज में एलएलबी के छात्र रोहित से मुलाकात का सिलसिला बढ़ा और प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। रोहित ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बना लिए। आरोप है कि लंबे समय तक यौन शोषण के दौरान रोहित ने उसके अश्लील फोटो खींच डाले।
पढ़ाई पूरी करके शादी की बात कहने वाले रोहित ने दो साल पहले युवती की छोटी बहन से भी संबंध बनाए और अश्लील फोटो खींच डाले। फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर गालीगलौज व धमकी देता था।
आजिज आकर दोनों बहनों ने अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई और उन्हें साथ लेकर वीमेन पॉवर लाइन पहुंची। आईजी नवनीत सिकेरा के आदेश पर गुडंबा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और वीमेन पॉवर लाइन के कुंवर राघवेंद्र प्रताप सिंह,अजय सिंह,सत्यवीर सचान,नवनीत यादव,शेषबिंद व मुलायम सिंह ने मुंशी पुलिया चौराहा के पास घेराबंदी करके रोहित को गिरफ्तार कर लिया।
मिस्ड कॉल से हुई थी पहचान
युवती का कहना है कि सात साल पहले उसके मोबाइल पर मिस कॉल आई थी। कॉल बैक करने पर रोहित से बात हुई। उसने ही लखनऊ आने के लिए प्रेरित किया था। इस पर छोटी बहन के साथ लखनऊ आकर किराए का मकान लिया। खुद पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी शुरू की और छोटी बहन पढ़ाई कर रही थी।
हत्थे चढ़े रोहित राज ने अपने भविष्य की दुहाई देकर कृत्य पर माफी मांगी। बोला कि उसके पिता की कुछ दिनों पहले मौत हो गई थी। वह पिता के स्थान पर प्रोफेसर की नौकरी के लिए प्रयासरत है।
गुडंबा पुलिस ने सीवान बिहार के मूल निवासी रोहित राज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। तफ्तीश सीओ गाजीपुर को सौंपी गई है। दोनों बहनों को डॉक्टरी के लिए भेजा गया है।
पैसे वाली लड़कियों को फंसाता था जाल में
युवती ने पुलिस को जानकारी दी कि कुछ दिनों पहले रोहित के साथ वक्त बिताने के दौरान उसके मोबाइल में छोटी बहन के अश्लील फोटो देखकर सन्न रह गई। पता चला कि उसके नौकरी पर जाने के दौरान रोहित ने छोटी बहन को जाल में फंसाया था। उससे दुष्कर्म करने के साथ फोटो खींचे थे।
इंस्पेक्टर गुडंबा ऋषिकेश यादव ने बताया कि वीमेन पॉवर लाइन की टीम के साथ गुडंबा पुलिस ने रोहित को गिरफ्तार करके उसके फ्लैट की छानबीन की। वहां से तीन महंगे मोबाइल फोन,पैन ड्राइव व अन्य सामान बरामद हुआ।
इनमें अनेक युवतियों के अश्लील फोटो व क्लिप थी। पता चला कि रोहित धनाढ्य युवतियों को फंसाकर शादी का झांसा देकर संबंध बनाता व अश्लील फोटो खींचकर ब्लैकमेल करता था।