उत्तर प्रदेशः जमातियों और संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज, अन्य राज्यों में भी यही सिलसिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में निजामुद्दीन मरकज से लौटे तब्लीगी जमातियों के साथ ही अन्य जमात से जुड़े लोगों व उनके संपर्क में आने वालों को चिह्नित कर जांच कराने का सिलसिला जारी है। प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने मंगलवार को बताया कि कोरोना मरीजों की जांच रिपोर्ट जल्दी आ सके इसके लिए 14 मेडिकल कॉलेजों में नए लैब बनाए जाएंगे। जबकि पहले से ही प्रदेश में 10 लैब में कोरोना वायरस की जांच की जा रही है। वहीं सीतापुर में तब्लीगी जमात के आठ मौलानाओं में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद भी वहां खतरा टला नहीं है। निजामुद्दीन मरकज से लौटे महमूदाबाद के छह जमातियों के सैंपल को कोरोना टेस्ट के लिए भेजा गया है। इनके अलावा खैराबाद में पॉजिटिव जमातियों के संपर्क में आने वाले तीन लोगों का सैंपल भेजा है।
बागपत : नेपाल का कोरोना पॉजिटिव फरार
बागपत जिले में कोविड अस्पताल खेकड़ा से नेपाल का कोरोना पॉजेटिव सोमवार रात चादर की रस्सी बनाकर खिड़की के रास्ते भाग गया। जिले में निजामुद्दीन मरकज से जमात 19 मार्च को आई थी। कुल 28 जमाती नेपाल के थे, इन्हें श्री कृष्णा कॉलेज बालैनी में क्वांरटीन किया गया था। 58 साल का नेपाली कोरोना पॉजेटिव निकला था। वहीं, मुजफ्फरनगर में एसएसपी ने बयान जारी कर कहा है कि जनपद में जहां भी कहीं बाहर से आए जमाती अभी भी छिपे हैं वह सामने आकर अपना इलाज कराएं, इसके बाद पकड़े गए तो उन पर केस दर्ज होगा।
आजमगढ़ : एक और जमाती मिला संक्रमित
आजमगढ़ में शिवालिक फार्मेसी कॉलेज में 60 वर्षीय बुजुर्ग को कोराना पॉजिटिव पाया गया है। यह जनपद का है। यह उसी मस्जिद में नमाज पढ़ने जाता था, जहां तीन बाहरी तब्लीगी जमात के लोग रुके थे। हालांकि जिले स्तर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। वाराणसी के कुल 44 जमातियों में 15 दिल्ली में क्वारंटीन सेंटर में है। जौनपुर में अब तक 107 जमाती मिल चुके हैं। इसमें एक बांग्लादेशी नागरिक और झारखंड निवासी एक अन्य युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। मंगलवार को कोई अन्य मामला सामने नहीं आया और न ही कोई नया जमाती मिला है। मऊ में 119 जमातियों को क्वारंटीन किया जा चुका है।
इटावा : जमातियों के संपर्क में आए 12 निगरानी में
इटावा में जमातियों के संपर्क में आए 12 लोग निगरानी में हैं। आगरा के चार जमातियों का जत्था इटावा तकिया मोहल्ले में 7 से 11 मार्च के बीच रुका था। फिर 14 से 28 मार्च तक औरैया रहे थे। आगरा जाने के बाद एक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने पर मंगलवार को इटावा में हुई कार्रवाई। सभी 12 के सैंपल सैफई पीजीआई भेजे गए हैं। औरैया में कोरोना पॉजिटिव आए चार जमातियों के संपर्क में आए 11 हजार परिवारों का सर्वे पूरा हो गया है। खानपुर कस्बे के मिलाकर 11 हजार परिवारों का 266 टीमों से सर्वे कराया है।
फिरोजाबाद : जमातियों के संपर्क में आने वाले तीन संक्रमित
तब्लीगी जमात से जुडे़ बिहार के जमातियों के संपर्क में आने वाले तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। निजामुद्दीन मरकज दिल्ली की तब्लीगी जमात से जुडे़ बिहार कटिहार के सात जमाती विगत 21 मार्च से सुहाग नगरी में रुके थे। इन्हें एक मस्जिद से पकड़ा गया था। वहीं मथुरा जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद फरह क्षेत्र के गांव ओल और शहर की अंधी कुइयां मरकज मस्जिद इलाकों की 40 हजार की आबादी पर सख्त पहरा बैठा दिया गया है।
प्रयागराज: अब्दुल्ला मस्जिद इलाका अघोषित रूप से सील
शाहगंज थाने के अब्दुल्ला मस्जिद के मुसाफिर खाने में पकड़े गए नौ जमातियो समेत 37 लोगों में एक इंडोनेशियाई जमाती की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इलाके को अघोषित तौर पर सील कर दिया गया है। जबकि, आठ जमातियों समेत 36 लोगों को करेली स्थित महबूबा गेस्ट हाउस में क्वारंटीन कर दिया गया है।
अन्य राज्यों में भी कार्रवाई तेज
उत्तराखंड: नैनीताल में सभी 49 लोग जो जमातियों के संपर्क में आए थे वह सभी अभी क्वारंटीन हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में पुलिस ने दिल्ली निजामुद्दीन में 19 मार्च को जमात के दौरान क्षेत्र में मौजूद दो लोगों को पकड़ कर आइसोलेशन में डलवाया। सोमवार देर शाम से भर्ती किया। इनके सैंपल लिए जाने हैं। वहीं अल्मोड़ा के रानीखेत में कोरोना पॉजिटिव मिला जमाती किसके संपर्क में था, उनकी धर पकड़ तेज हो गई है। 3 से 4 जमातियों को देर शाम तक किया जा सकता है क्वारंटीन।
पंजाब : मोगा में चार तब्लीगी जमाती मिले कोरोना पॉजिटिवः मोगा के गांव चीदा की मस्जिद में ठहरे 13 तब्लीगी जमातियों में से चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मोगा में ये पहले पॉजिटिव हैं। पुलिस और सेहत विभाग ने तुरंत चीदा समेत साथ लगते गांव सुखानंद को पूरी तरह से सील कर दिया।
हिमाचल : 88 और जमाती व उनके परिजन चिह्नित हिमाचल में मंगलवार को 88 जमाती और उनके परिजन चिह्नित कर उन्हें क्वारंटीन किया गया है। अभी तक 421 तब्लीगी जमातियों की पहचान हो चुकी है। मार्च माह में 172 लोग दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में गए थे।