सहारनपुर हिंसाः शिवपाल सिंह की टीम करेगी जांच!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री और सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सहारनपुर दंगे की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
इस कमेटी की अगुवाई लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव करेंगे। गौरतलब है कि सहारनपुर में 26 जुलाई को जमीन के एक छोटे टुकड़े के विवाद ने सांप्रदायिक हिंसा का रूप ले लिया था।
पंजाब सरकार गंभीर
जमीन को लेकर हुई हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी और सौ से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। बड़ी संख्या में दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया।
कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। सहारनपुर दंगे को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और पंजाब सरकार ने काफी गंभीरता से लिया था।
पंजाब सरकार के एक डेलीगेशन ने तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ आकर मुलाकात भी की थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
शिवपाल सिंह करेंगे नेतृत्व
सहारनपुर में दंगे के कारणों और दोषियों की तह तक जाने के लिए मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की जांच एक कमेटी से कराने का फैसला लिया है।
शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व वाली इस कमेटी में प्राविधिक शिक्षा मंत्री शिवाकांत ओझा, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरविंद गोप, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त युवा कल्याण परिषद के अध्यक्ष आशु मलिक और मुरादाबाद के सपा जिलाध्यक्ष इकराम कुरैशी को रखा गया है।
सीएम ने जांच दल के अध्यक्ष से शीघ्र सहारनपुर पहुंचकर घटना की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
पहले भी लिया एक्शन
हालांकि सहारनपुर में दो समुदायों के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए प्रदेश सरकार ने तुरंत एक्शन लिया था और लखनऊ से आईएएस भुवनेश कुमार और आईपीएस दीपक रतन को विशेष विमान से सहारनपुर भेजा।
जिसके बाद जल्द ही हालात नियंत्रित कर लिए गए थे। वहीं एहतियात के तौर पर भी बड़ी संख्या में अर्द्घसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई थी।
दो समुदायों के बीच हुए इस संघर्ष की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दंगाइयों ने पुलिस कर्मियों को भी निशाना बनाया। यहां तक कि थाने के सामने ही सिपाही को गोली मार दी।