धर्मसभा के लिए संघ ने जुटाई भीड़, युवाओं के जोश पर काबू पाने के लिए बनाया ये प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संघ परिवार ने राममंदिर निर्माण को कानून बनाने के लिए अयोध्या में रविवार को हो रही धर्मसभा का माहौल तो बना लिया। भीड़ भी जुटा लिए। अब उसकी चिंता सभा में आने वाले युवाओं के जोश को काबू में रखने की है। इसलिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सभी प्रमुख पदाधिकारियों ने अयोध्या स्थित कारसेवकपुरम में डेरा जमा दिया है।
संघ ने सभा की तैयारियों की कमान पहले ही अपने हाथ में संभाल रखी थी, अब अयोध्या पहुंचे इन पदाधिकारियों ने सभा की व्यवस्थाएं भी अपने हाथ में ले ली हैं। फैसला किया गया है कि सभा में आने वालों को उनके टोलियों के प्रभारियों के संग धर्मसभा समाप्त होने के साथ ही रवाना कर दिया जाए।
जानकारी के मुताबिक, संघ के पूर्वी क्षेत्र के प्रचारक अनिल, अवध प्रांत के प्रचारक कौशल, कानपुर, गोरखपुर और काशी प्रांत के प्रचारक अयोध्या में हैं। ये सभी और विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय, केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीष कुमार, प्रांत संगठन मंत्री भोलेन्द, मार्गदर्शक मंडल के सदस्य पुरुषोत्तम नारायण सिंह शनिवार को दिन भर सभा की तैयारियों व उसके शांतिपूर्ण संपन्न होने का तानाबाना बुनते रहे। इन्होंने अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह तथा महापौर ऋषिकेश उपाध्याय से भी विचार-विमर्श किया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इनसे मिलकर तैयारियां समझीं और आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को ठीक किया। सभी लोगों की श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से भी मंत्रणा हुई। देर रात संघ के सहसरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी अयोध्या पहुंच गए।
एक-एक व्यक्ति पर नजर
सभास्थल व आसपास संघ व विहिप के कार्यकर्ता भी लगाए गए हैं। ये व्यवस्था संभालने में पुलिस का सहयोग करेंगे। एक-एक कार्यकर्ता पर नजर रखने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए खंड कार्यवाह से लेकर विहिप के प्रखंड अध्यक्षों और प्रखंड मंत्रियों से साथ जाने वाले लोगों की फोन नंबर सहित सूची बनवाई गई है। जिला प्रचारकों से कहा गया है कि सभा के बाद वे संघ परिवार के अन्य जिम्मेदार लोगों के साथ आने वालों लोगों की समय से वापसी सुनिश्चित करें।
श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर भीड़ का दबाव रोकने की रणनीति
श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर दर्शन का समय सुबह 7 से 11 और फिर दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक होता है। संघ व विहिप नेतृत्व ने सभा का समय दोपहर 12 से शाम 4-5 का रखा है। लोगों का मुख्य रूप से अयोध्या पहुंचना सुबह 9-10 बजे शुरू होगा। संघ व विहिप के रणनीतिकारों ने टोलियां लेकर आने वालों को पहले से ही आगाह कर दिया है कि साथ आने वालों को सीधे सभास्थल पर लेकर आएं। पार्किंग की व्यवस्था इस तरह बनाई गई है ताकि वहां से लोगों को सीधे सभास्थल ले आया जाए।
लखनऊ से जत्थों की रवानगी शुरू
धर्मसभा के लिए लखनऊ से जत्थों की रवानगी शनिवार को शुरू हो गई। पहला जत्था विहिप के विभाग मंत्री देवेंद्र मिश्र के नेतृत्व में रवाना हुआ। लखनऊ से 20 जत्थे अयोध्या गए हैं। इन लोगों को मुख्य रूप से वहां धर्मसभा की व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए भेजा गया है। लखनऊ में बंगला बाजार स्थित किला चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, परिवर्तन चौक और इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से लगभग 15 हजार लोगों को रविवार को अयोध्या भेजने की तैयारी है। इसके अलावा भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री अभिजात मिश्र के साथ सुबह सात बजे लगभग एक हजार लोगों का जत्था अयोध्या जाएगा।