RRB: पेपर लीक, गिरोह के दो गुर्गे दबोचे गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आरआरबी की परीक्षा आउट कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों के पास से आंसर पेपर बरामद हुए हैं।
इनमें से एक ने लिखित हल लिखा कागज खा लिया, जबकि दूसरा इसकी कोशिश नहीं कर पाया। पकड़े गए दोनों ही अभ्यर्थी रेलवे परीक्षा के पर्चे आउट कराने के लिए बदनाम रेलवे के पूर्व टीआई बेदीराम गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिंह ने बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड की रविवार को दिन में 11 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा आउट कराने की कोशिश किए जाने की जानकारी मिली थी।
उन्हें इसकी पुख्ता सूचना मिली थी कि लखनऊ के ठाकुरगंज व आशियाना स्थित दो परीक्षा सेंटरों पर दो अभ्यर्थी ऐसे मौजूद हैं, जो बेदीराम गिरोह से जुड़े हैं और दोनों के ही पास परीक्षा के लिखित हल मौजूद हैं।
बोर्ड को दे दी गई थी सूचना
उन्होंने बताया कि इस सूचना से रेलवे भर्ती बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया था। इसके बाद दोनों ही परीक्षा केंद्रों पर मौजूद परीक्षा संचालन से जुड़े लोगों को इस सूचना की जांच करने को कहा गया।
पाया गया कि एसटीएफ ने आशियाना के आवासीय पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र में दीपक कुमार पटेल नाम के अभ्यर्थी के मौजूद होने और ठाकुरगंज के बजरंगी साहू इंटर कालेज में रमकांत यादव नाम के अभ्यर्थी के उपस्थित होने की जो सूचना दी थी वह सही है।
इसके बाद दोनों अभ्यर्थियों की बारीकी से तलाशी ली गई तो उनके पास से एक पर्ची पर क्रमवार लिखे उत्तर पाए गए।
इन लिखित पर्चों को जब तक काबू में किया जाता तब तक ठाकुरगंज परीक्षा केंद्र के अभ्यर्थी रमाकांत यादव ने लिखित हल वाले पर्चे को झपटा और खा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक त्रिवेणी सिह ने कहा कि जौनपुर निवासी अभ्यर्थी रमाकांत यादव का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा, ताकि यह साबित किया जा सके कि उसने लिखित पर्चा खा लिया है। अभी तक की सूचना के मुताबिक यह परीक्षा अभी निरस्त नहीं गई है।
कई बार हुए हैं परीक्षा के पर्चे आउट
दिसंबर 2008 में हुई आरआरबी परीक्षा का पर्चा आउट कराने में पुलिस ने 286 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसे बेदीराम भी शामिल था।
इससे पहले भी वर्ष 2004 में दानापुर में रेलवे के ग्रुप सी श्रेणी की परीक्षा का पर्चा आउट कराने के मामले का सीबीआई ने गिरफ्तारियों में सहयोग किया था।
फरवरी 2009 में भी आरआरबी पटना द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा का पर्चा आउट किया गया था। उस समय एसटीएफ ने पर्चा आउट करने वाले गिरोह व रुपये देकर पर्चा हासिल कर परीक्षा में बैठे अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी की थी।