मुलायम के घर के सामने सड़क धंसी, पीछे के गेट से आ-जा रहे हैं पूर्व सीएम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर लगातार धंसती जा रही सड़क का शिकार अब खुद पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव बने हैं। उनके आवास का मुख्य गेट मंगलवार को सड़क धंसने से बंद करना पड़ गया। अब पूर्व मुख्यमंत्री को अपने आवास में आने-जाने के लिए पीछे के गेट का इस्तेमाल करना होगा।
मंगलवार देर शाम मुलायम सिंह के मुख्य गेट के पास सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। जल निगम के इंजीनियरों ने जांच की तो पता चला कि नीचे की पूरी सड़क खोखली हो गई है। इसके बाद आनन-फानन पूर्व मुख्यमंत्री और उनके आवास में आने-जाने वाले स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए सड़क पर बेरिकेडिंग करा दी गई। इससे पूर्व मुख्यमंत्री के आवास का मुख्य गेट घिर गया। इसकी सूचना सुरक्षा में लगे अधिकारियों को भी दी गई। इसके बाद इस गेट से आना-जाना बंद कर दिया गया।
क्यों धंस रही सड़क?
पिछले एक महीने से विक्रमादित्य मार्ग की सड़क धंसने के कई मामले सामने आए हैं। पिछले दिनों एक महिला बेटी के साथ गड्ढे में गिर गई थी।इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के मुख्य गेट से थोड़ा हटकर सड़क में बड़ा गड्ढा हो गया था। इसकी वजह से उधर से आवाजाही तक बंद करनी पड़ी थी।
जल निगम को नहीं मिल पा रहा हल
सड़क धंसने से रोकने को पूरी सड़क के नीचे से गुजर रहे अंडरग्राउंड नाले की मरम्मत करनी होगी। इसके लिए ड्रिलिंग तकनीक से पाइपलाइन डालने की योजना भी बनी। इसके बाद भी अब तक स्थायी हल नहीं निकल पाया है। बताया जाता है कि यह ड्रेनेज सिस्टम अंग्रेेजों के जमाने में बना। अब यह पूरी तरह बर्बाद हो चुका है।
इस पर जल निगम के अवर अभियंता मनीष कुमार का कहना है कि विक्रमादित्य मार्ग पर सड़क धंसती जा रही है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री के घर के सामने ही गड्ढा हो गया। जांच में पता चला कि जगह-जगह पर सड़क के नीचे जमीन खोखली हो गई है। बेरीकेडिंग कर पूरे क्षेत्र को घेर दिया गया। मुलायम सिंह यादव के आवास का मुख्य गेट भी बंद कर दिया गया है।