अखिलेश की साइकिल के लिए बनेंगे खास 'रेड ट्रैक'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए खास ट्रैक बनाए जाएंगे। ये ट्रैक लाल रंग के होंगे। इसके लिए पहले उन इलाकों का चयन किया जाएगा जहां साइकिल का सबसे ज्यादा उपयोग होता है। इस संबंध में मुख्य सचिव आलोक रंजन ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्य सचिव के मुताबिक साइकिल मार्ग का निर्माण इस प्रकार किया जाएगा जिससे इसका ज्यादा से ज्यादा उपयोग हो। ट्रैक को रंग लाल रखने का फैसला इसीलिए किया गया है ताकि यह बिल्कुल अलग नजर आए। इन ट्रैकों पर मोटर वाहन नहीं चलेंगे।
सड़क का निर्माण जिस कार्यदायी संस्था ने किया है वही साइकिल ट्रैक भी बनाएगी। मौजूदा और भविष्य में बनाए जाने वाले रेलवे स्टेशनों, मेट्रो तथा बस स्टेशनों के पास सार्वजनिक स्थलों पर साइकिल के लिए पार्किंग की सुविधा अनिवार्य रूप से की जाएगी।
इससे मेट्रो, रेल व बस से यात्रा करने वालों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में साइकिल विशेष सुविधा का माध्यम बन सकेगी। इन स्थानों पर स्वच्छता, रोशनी तथा सुरक्षा के बंदोबस्त होंगे।
बनेगी हाईपावर कमेटी, ये होंगे शामिल
मुख्य सचिव ने साइकिल ट्रैक के मार्गों के चयन के लिए मंडल स्तर पर मंडलायुक्तों की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का आदेश दिया है।
इसमें जिलों के डीएम, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण, नगर आयुक्त या नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक या पुलिस अधीक्षक, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग स्थायी सदस्य होंगे। मंडलायुक्त अपने विवेक से भी लोगों को शामिल कर सकते हैं।
लोक निर्माण विभाग नोडल एजेंसी नामित
मुख्य सचिव ने बताया कि साइकिल ट्रैक व साइकिल पार्किंग स्थलों के निर्माण से जुड़ी विस्तृत नीति तैयार की जाएगी। इसमें साइकिल ट्रैक के डिजाइन, ले-आउट, निर्माण, मानक तथा रख-रखाव से जुड़े प्रावधान होंगे। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को नोडल एजेंसी नामित किया गया है।
इस पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि साइकिल को बढ़ावा देने के लिए जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग आवागमन के लिए साइकिल का प्रयोग करेंगे। साइकिल से जहां स्वच्छ पर्यावरण मिलता है, वहीं स्वास्थ्य भी चुस्त-दुरुस्त रहता है।