टंकी पर चढ़ी रेप पीड़िता, साढ़े 6 घंटे के बाद उतरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध रेप पीड़िता गुरुवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित हैनीमैन चौराहे के पास नेशनल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी पर चढ़ गई।
राहगीरों से इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फारन में गोमतीनगर, विभूतिखंड समेत कई थानों की पुलिस फोर्स को वहां बुला लिया गया।
विभूतिखंड एसओ ने मोबाइल फोन के जरिये युवती से संपर्क किया और मनाने की कोशिश की। हालांकि युवती लगातार टंकी से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देती रही।
इस लड़की को मानसिक रुप से विक्षिप्त भी कहा जा रहा है। सुबह करीब 10 बजे उसने डीजीपी को तीन-चार बार फोन लगाया। उनकी तरफ से कोई रिस्पांस न आने पर यह लड़की टंकी पर चढ़ गई।
टंकी पर चढ़ने के बाद उसको मनाने की कोशिशे शुरु हुईं। वह अपना नंबर टंकी में नीचे लिखकर गई थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उस नंबर पर बात करने का प्रयास किया।
डीजीपी से आश्वासन मिलने के बाद उतरी
लड़की चूंकि मूल रुप से अंबडेकरनगर की है इसलिए मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने अंबेडकरनगर पुलिस से भी संपर्क किया है। एएसपी ट्रांसगोमती मनीराम यादव, सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव ने भी पीड़िता से बात की और टंकी से नीचे उतर आने को कहा।
हालांकि उसने पुलिस को शाम छह बजे का समय दिया है। इस दौरान आरोपियों को गिरफ्तार करके उसके सामने न लाया गया तो उसने कूदकर खुदकुशी करने की धमकी दी है।
इस बीच उसके गांव से दो लड़कियां आईं। उन्होंने डीजीपी से इस बारे में मुलाकात की। डीजीपी से मुलाकात और उनसे आश्वासन मिलने के बाद वह लड़कियां उस लड़की को टंकी से उतारने के लिए मौके पर पहुंची।
शुरुआत में टंकी पर चढ़ी उस लड़की ने अपनी इन सहेलियों की बात नहीं मानी। लेकिन बार-बार फोन करने पर अंततः वह साढ़े चार बजे टंकी से उतर आई। टंकी से उतरने के बाद लड़की को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया।
बाद में उसे डीजीपी कार्यालय लाया गया। यह लड़की पहले भी टंकी पर चढ़कर हंगामा कर चुकी है। हर बार पुलिस की तरफ से आश्वासन मिलने के बाद वह उतर आती है।
पहले भी चढ़ चुकी है टंकी पर
8 अक्टूबर के पहले भी यह लड़की इसी साल दो बार लखनऊ की अलग-अलग टंकियों पर चढ़कर हंगामा कर चुकी है। हजरतगंज में 22 सितंबर को दारुलशफा की करीब 70 फुट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर अंबेडकरनगर की रेप पीड़िता ने हंगामा किया था।
रेप के आरोपी दो लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेजने की मांग पर अड़ी हुई थी। एएसपी पूर्वी राजीव मल्होत्रा, एडीएम पूर्वी निधि श्रीवास्तव, सीओ हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा और हजरतगंज इंस्पेक्टर विजयमल यादव फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे थे।
रेप पीड़िता ने अपनी मांग से संबंधित पर्चे नीचे फेंके थे। छह जून को उसने गांधी प्रतिमा पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर धरना दिया था। तेज धूप के चलते वह बेहोश हो गई थी।
हजरतगंज पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके पहले 11 जून को वह सिविल अस्पताल परिसर में बनी टंकी में चढ़ गई थी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे नीचे उतरवाया लेकिन आरोपी पकड़े नहीं गए थे।
युवती का आरोप है कि अंबेडकरनगर में गांव के ही विनोद कुमार दुबे, गोविंद कुमार और लल्लू वर्मा उर्फ रणजीत वर्मा बीते वर्ष 20 जुलाई को उसे कार से उठाकर टांडा रोड पर जोलैहा गांव के पास कांशीराम कालोनी में लल्लू के घर ले गए और बंधक बनाकर तीन महीने तक दुष्कर्म किया।
सितंबर में घर पर ही तीनों एक वकील को लेकर आए और गोविंद से कोर्ट में शादी करने की बात कहते हुए स्टाम्प पेपर पर साइन करा लिए। इसके बाद युवती को डरा-धमकाकर गोविंद के साथ उसके घर भेज दिया। कुछ दिन बाद गोविंद भाग गया और उसके परिवारीजनों ने युवती को भी घर से भगा दिया। इसके बाद से युवती न्याय पाने के लिए भटक रही है।