गृहमंत्री राजनाथ का बड़ा बयान, केंद्र श्रवण साहू हत्या की सीबीआई जांच को तैयार
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के व्यापारी श्रवण हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने पर अपनी सहमति दे दी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस संबंध में तत्काल केंद्र को सिफारिश भेज दी जानी चाहिए अगर राज्य सरकार ऐसा नहीं करती है तो यूपी में भाजपा की सरकार आने पर मामले की जांच की जाएगी। यूपी चुनाव के मद्देनजर गृहमंत्री के इस बयान के राजनीतिक मतलब निकाले जा रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि पहले 2013 में श्रवण के बेटे आयुष की हत्या की गई और अब श्रवण की हत्या कर दी गई, यह साधारण मामला नहीं है।
गृहमंत्री ने कहा कि हत्यारों ने श्रवण को धमकी दी और फिर हत्या कर दी। इस बात से पता चलता है कि अपराधियों को न तो कानून का डर है, न प्रशासन का। पीड़ित पक्ष निष्पक्ष जांच चाहता है। उसे यहां की सरकार पर भरोसा नहीं है।
राज्य सरकार पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं देना चाहती
गृहमंत्री ने कहा, अखिलेश सरकार यदि सचमुच श्रवण के परिवारीजनों को इंसाफ देना चाहती तो केंद्र को सीबीआई जांच की सिफारिश कर देती, पर ऐसा नहीं किया गया।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर हमला
गृहमंत्री ने कहा कि यूपी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। देश में सर्वाधिक अपराध यूपी में होते हैं।
राष्ट्रीय क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार यूपी में प्रतिदिन 13 हत्याएं और लूट की 11 घटनाएं होती हैं। प्रतिदिन बलात्कार की 9 घटनाएं हो रही हैं। सांप्रदायिक दंगों में भी 66 लोगों की जानें जा चुकी हैं।