UP Vidhansabha: राजा भैया बोले- सरकार ने सबसे बड़ा बजट पेश किया, इसे खर्च करना भी सुनिश्चित करें
जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के विधायक दल के नेता रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने कहा कि यूपी सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बजट पेश किया है पर इसे खर्च करना भी सरकार सुनिश्चित करे।
विस्तार
यूपी विधानसभा में बजट पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के विधायक दल के नेता रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने कहा कि सरकार ने ऐतिहासिक और बड़ा बजट पेश किया गया है। यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा बजट है। सरकार के पास नजरिया है, लेकिन यह राशि जनहित में खर्च हो यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में विजिलेंस की टीम से जनता परेशान हैं। इस टीम के पीछे भी एक विजिलेंस लगाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन से अधूरे काम को पूरा किया जाए। टूटी सड़कों को सुधरवाया जाए। विधायक निधि से असहाय लोगों के उपचार के नियमों का सरलीकरण किया जाए। आयुष्मान योजना के नियमों को भी सरल किया जाए।
ये भी पढ़ें - सीएम योगी की बड़ी घोषणा: शिक्षामित्रों को 10 की जगह 18 हजार रुपये हर महीने मिलेंगे, अनुदेशकों को 17 हजार
ये भी पढ़ें - अखिलेश यादव बोले- ब्राह्णण समाज ईमानदार, पूछा- बटुकों का अपमान करने वालों को सजा क्यों नहीं
उन्होंने कहा कि जनता विधायकों से हैंडपंप मांगती है। ऐसे में जब तक हर घर में नल न पहुंच जाए तब तक के लिए गर्मी को देखते हुए हैंडपंप आवंटन की व्यवस्था चालू रखी जाए। उन्होंने कहा कि मदरसा के लिए बजट का प्रावधान है। संस्कृत भाषा के विकास के लिए भी कार्य करने की जरूरत है।
बजट में संस्कृत भाषा के प्रोत्साहन के लिए बजट न होना खल रहा है। राजा भैया ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास जाते हैं तो वह वित्त मंत्री के पास भेजते हैं लेकिन वित्त मंत्री खन्ना नौवीं बार बजट पेश कर रहे हैं। अब उम्मीद है कि वह हम सदस्यों के कार्यों को ज्यादा गंभीरता से लेंगे। हमें मुख्यमंत्री के पास जाने की जरूरत नहीं होगी। इनके स्तर से ही समाधान हो जाएगा।